वारदात के बाद आरोपी फरार देवरीखुर्द में सरेराह हत्या से सनसनी पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] देवरीखुर्द में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शराब दुकान के पास एक ऑटो चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामूली विवाद के बाद हुए हमले में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना ने शहर में बढ़ती चाकूबाजी और शराब दुकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द स्थित शराब दुकान के पास सोमवार को ऑटो चालक का किसी व्यक्ति से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि कहासुनी बढ़ने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक ने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाने का प्रयास किया।

विवाद बना हत्या की वजह, असली कारण की जांच जारी:-
पुलिस की प्रारंभिक जांच में विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, लेकिन दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और हत्या के पीछे कोई अन्य कारण था या नहीं, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
शराब दुकानों के आसपास सुरक्षा पर फिर उठे सवाल:-
देवरीखुर्द की इस घटना ने शराब दुकानों के आसपास होने वाले विवाद और आपराधिक घटनाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शराब दुकान के पास दिनदहाड़े हुई हत्या से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि शराब दुकानों के आसपास पुलिस की नियमित निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है, ताकि छोटी-छोटी बातों पर होने वाले विवाद गंभीर वारदात में तब्दील न हों।

फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद हत्या की परिस्थितियां और घटना का वास्तविक कारण सामने आने की उम्मीद है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

