लॉजिस्टिक हब, नया इंडस्ट्रियल पार्क, मुंबई-हैदराबाद हवाई सेवा और नई ट्रेनों की मांग प्रदेश कार्यालय के लिए 5 एकड़ जमीन और 5 करोड़ की स्वीकृति…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ की बिलासपुर इकाई के तत्वावधान में पहली बार आयोजित गरिमामय एवं भव्य कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे चेम्बर पदाधिकारियों, व्यापारियों एवं उद्योगपतियों ने बिलासपुर के व्यापार और उद्योग जगत के विकास को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया। कार्यक्रम में बिलासपुर के लिए बड़े लॉजिस्टिक हब, नए इंडस्ट्रियल पार्क, मुंबई एवं हैदराबाद के लिए नियमित हवाई सेवा सहित नई रेलवे सेवाएं शुरू करने जैसी महत्वपूर्ण मांगें प्रदेश चेम्बर के समक्ष रखी गईं।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, महामंत्री अजय भसीन, कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सलूजा, राजेश वासवानी, कपिल जोशी, चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, राधाकिशन सुंदरानी, प्रदेश महिला चेम्बर अध्यक्ष इला गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष सहित प्रदेशभर के चेम्बर पदाधिकारी, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा वरिष्ठ व्यापारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में क्रेडाई के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक प्रकाश ग्वालानी, उद्योगपति प्रवीण झा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं वरिष्ठ व्यापारी भी शामिल हुए। आयोजन को लेकर बाहर से पहुंचे चेम्बर पदाधिकारियों और व्यापारियों ने बिलासपुर इकाई की व्यवस्था एवं कार्यक्रम की सराहना की।
प्रदेश चेम्बर कार्यालय के लिए 5 एकड़ जमीन और ₹5 करोड़ स्वीकृत-:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने चेम्बर की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश चेम्बर के कार्यालय के लिए शासन द्वारा 5 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है और लगभग ₹2.60 करोड़ की रजिस्ट्री भी पूर्ण हो गई है। कार्यालय निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ₹5 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं जगदलपुर स्थित चेम्बर भवन के रेनोवेशन के लिए भी ₹1 करोड़ की स्वीकृति मिली है।

उन्होंने कहा कि चेम्बर प्रदेश के व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के हितों के लिए लगातार काम कर रहा है। व्यापार एवं उद्योग जगत की समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाने के साथ संबंधित विभागों से समन्वय कर उनके समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
बिलासपुर के विकास के लिए अध्यक्ष भागचंद बजाज ने रखीं 6 प्रमुख मांगें
बिलासपुर चेम्बर अध्यक्ष भागचंद बजाज ने बिलासपुर में तेजी से बढ़ती व्यापारिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को देखते हुए प्रदेश चेम्बर के समक्ष छह प्रमुख मांगें रखीं।

- आधुनिक लॉजिस्टिक हब की स्थापना:
बजाज ने कहा कि बिलासपुर का वर्तमान ट्रांसपोर्ट नगर लगभग दो दशक पुराना है और बढ़ती व्यापारिक गतिविधियों के कारण अब पर्याप्त नहीं रह गया है। व्यापार एवं उद्योग की सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए आधुनिक एवं बड़े लॉजिस्टिक हब की आवश्यकता है। - नए इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना:
सिरगिट्टी एवं तिफरा में औद्योगिक भूमि लगभग समाप्त हो चुकी है। भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण नए उद्योग स्थापित नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में नए उद्योगों के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराने नए इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना की मांग की गई। - मुंबई और हैदराबाद के लिए नियमित हवाई सेवा:
बिलासपुर से मुंबई एवं हैदराबाद के लिए नियमित विमान सेवा शुरू करने की मांग की गई। हैदराबाद को मेडिकल एवं आईटी क्षेत्र का प्रमुख केंद्र और मुंबई को देश की आर्थिक राजधानी बताते हुए कहा गया कि इन शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी व्यापार एवं उद्योग के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। - नई रेलवे सेवाएं शुरू करने की मांग….
बिलासपुर से इंदौर और पुरी के लिए नई ट्रेन शुरू करने के साथ सिकंदराबाद-रायपुर, जबलपुर-रायपुर तथा सिवनी-शहडोल ट्रेनों का विस्तार बिलासपुर तक करने की मांग रखी गई। - व्यापार विहार की दुकानों को फ्री होल्ड करने की मांग:
व्यापार विहार की दुकानों को फ्री होल्ड करने की मांग करते हुए कहा गया कि इससे व्यापारियों को अपनी संपत्तियों और व्यवसाय के विस्तार में सुविधा मिलेगी। - मंडी शुल्क में 0.5 प्रतिशत कमी:
पड़ोसी राज्यों में मंडी शुल्क की दरों को देखते हुए छत्तीसगढ़ में मंडी शुल्क में 0.5 प्रतिशत की कमी करने की मांग रखी गई, ताकि प्रदेश के व्यापारियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल मिल सके।
प्रदेशभर से पहुंचे व्यापारी और चेम्बर पदाधिकारी
कार्यक्रम में मनेंद्रगढ़, अंबिकापुर, लैलूंगा, सक्ती, रायगढ़, नैला, चांपा, अकलतरा, सारंगढ़, सरायपाली, बसना, धमतरी, बालोदाबाजार, भाटापारा, मुंगेली, जांजगीर, खरोरा और दुर्ग सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चेम्बर पदाधिकारी एवं व्यापारी शामिल हुए।
बिलासपुर चेम्बर की ओर से महामंत्री महितोष सराफ, कोषाध्यक्ष अविनाश आहूजा, प्रदेश उपाध्यक्ष नवदीप अरोरा, धीरज रोहरा, लखन नाददेव, प्रदीप बरसइयां, आलोक घई, मंत्री दिनेश नाददेव, प्रकाश चावला सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बिलासपुर के करीब 30 व्यापारिक संस्थानों एवं व्यापारिक संघों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता दर्ज कराई। विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए व्यापार एवं उद्योग से जुड़े मुद्दों पर एकजुटता दिखाई।
पहली बार हुए आयोजन की जमकर सराहना।
बिलासपुर में छत्तीसगढ़ चेम्बर का इस स्वरूप में पहली बार आयोजित कार्यक्रम व्यापारिक एवं औद्योगिक जगत के बीच चर्चा का विषय रहा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारियों, व्यापारियों और उद्योगपतियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, सहभागिता और बिलासपुर चेम्बर की सक्रियता की सराहना की।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बिलासपुर के व्यापार, उद्योग और समग्र विकास के लिए चेम्बर एकजुट होकर शासन-प्रशासन के साथ निरंतर संवाद और समन्वय की दिशा में काम कर रहा है।
व्यापारी हित सर्वोपरि,व्यापार एवं उद्योग के विकास के लिए चेम्बर सदैव प्रतिबद्ध।

