एक ही कमरे में मृत मिले पति-पत्नी
मकान मालिक ने चीख़ पुकार सुन खोला दरवाजा…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर 12 में मंगलवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और रहस्यमय घटना सामने आई। यहां किराए के मकान में रहने वाले पति-पत्नी मृत अवस्था में मिले। घटना का पता उस वक्त चला, जब सुबह करीब 5 बजे उनके मासूम बच्चों के लगातार रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक कमरे तक पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के निवासी थे और बिलासपुर में अपने दो बच्चों के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। रमेश औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम करता था।

बच्चों के रोने से खुला दर्दनाक राज:-
बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 5 बजे कमरे के भीतर से बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू वहां पहुंचे। कमरे के भीतर पति-पत्नी को मृत देखकर उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आखिर ऐसा क्या हुआ था..?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थिति बनी, जिसने दंपती को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

इस घटना ने सबसे ज्यादा झकझोर कर रख दिया है उनके दो मासूम बच्चों की स्थिति, जो घटना के बाद अकेले रह गए। सुबह उनकी चीखों ने जिस दर्दनाक सच को सामने लाया, उसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

