चार युवकों ने रची थी लूट की साजिश 3 गिरफ्तार CMS का पूर्व कर्मचारी अब भी फरार…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का बिलासपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ACCU बिलासपुर और मस्तूरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कर्ज के बोझ से परेशान होकर रुपये जुटाने के लिए शराब दुकान में लूट की सुनियोजित साजिश रची थी।
चाकू की नोक पर सुरक्षाकर्मियों को बनाया बंधक घटना 3 अगस्त 2026 की सुबह करीब 3:30 बजे की है। चार नकाबपोश बदमाश काले कपड़े पहनकर गतौरा शराब दुकान पहुंचे। दुकान में तैनात सुरक्षाकर्मी साहिल राय और हरकुंवर पंकज को चाकू की नोक पर धमकाते हुए आरोपियों ने दुकान की चाबी मांगी। सुरक्षाकर्मियों द्वारा चाबी नहीं होने की बात कहने पर बदमाशों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे और दाहिने हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

इसके बाद आरोपियों ने दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें बंधक बना लिया और दुकान के भीतर लूट की वारदात को अंजाम देने लगे।
लॉकर तोड़ने गैस कटर और ग्राइंडर लेकर पहुंचे थे:-
बदमाश पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। उनके पास गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू समेत कई औजार थे। दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने के बाद उन्होंने लॉकर काटने की कोशिश की।
आरोपियों ने ग्राइंडर कटर मशीन और छेनी से लॉकर तोड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे लॉकर खोलने में सफल नहीं हो सके। नकदी हाथ नहीं लगने पर बदमाशों ने दुकान के काउंटर में रखी शराब की कुछ बोतलें, दोनों सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन और CCTV कैमरों का DVR अपने कब्जे में ले लिया और दोपहिया वाहनों से मौके से फरार हो गए।
CCTV से बचने नदी में फेंक दिया DVR
वारदात के बाद आरोपियों को आशंका थी कि CCTV फुटेज के जरिए पुलिस उन तक पहुंच सकती है। इसी डर से उन्होंने DVR को नदी में फेंक दिया। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया।

इसी जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले और टीम ने संदिग्धों तक पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पूरी वारदात का खुलासा कर दिया।
पहले मोपका शराब दुकान पर नजर, भीड़ देखकर बदला प्लान:-
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गतौरा से पहले उन्होंने मोपका स्थित शराब दुकान को लूटने की योजना बनाई थी। चारों आरोपी देवरीखुर्द से दोपहिया वाहनों पर निकले थे। सुशील निर्मलकर की नीले रंग की स्कूटी और पिंटू निषाद की बाइक से वे बूटा पारा-फरहदा मार्ग होते हुए मोपका पहुंचे।
लेकिन मोपका शराब दुकान के आसपास अधिक चहल-पहल देखकर आरोपियों ने वहां वारदात करना उचित नहीं समझा। इसके बाद वे चिल्हाटी-फरहदा मार्ग से गतौरा पहुंचे, जहां सुनसान माहौल देखकर उन्होंने लूट की योजना को अंजाम दिया।

कर्ज के बोझ ने बनाया लुटेरा:-
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आर्थिक तंगी और कर्ज की समस्या से परेशान थे।
कर्ज चुकाने और तत्काल रुपये जुटाने के लिए उन्होंने अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, सुशील निर्मलकर, पिंटू निषाद और एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर शराब दुकान को निशाना बनाने की योजना तैयार की थी।
वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने पहले से ही गैस कटर, ग्राइंडर, छेनी, रस्सी और चाकू जैसे औजारों की व्यवस्था कर रखी थी।
लूट का माल और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद:-
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और स्कूटी, लूटे गए दोनों मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू, रस्सी सहित अन्य सामान बरामद किया है।
CMS में काम कर चुका आरोपी पुलिस के रडार पर मामले में शामिल एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस के अनुसार यह आरोपी पूर्व में CMS Info System कंपनी में काम कर चुका है और शासकीय शराब दुकानों से नकद राशि कलेक्शन करने का कार्य करता था। पुलिस अब उसकी भूमिका और उसे वारदात से संबंधित जानकारी कैसे मिली, इसकी भी जांच कर रही है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:-
अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना (24 वर्ष) निवासी देवरीखुर्द, थाना तोरवा
पिंटू निषाद (25 वर्ष) निवासी धान मंडी के पीछे, तोरवा
सुशील निर्मलकर (24 वर्ष) निवासी हेमूनगर अटल आवास, थाना तोरवा
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शराब दुकान लूटकांड का खुलासा होने के साथ ही वारदात की पूरी साजिश भी सामने आ गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।

