200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, नकदी और चोरी में इस्तेमाल पिकअप सहित करीब 10 लाख की संपत्ति जब्त…!
मुंगेली-[जनहित न्यूज़] मुंगेली पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत सरकारी उचित मूल्य दुकानों में लगातार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 100 क्विंटल यानी 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, 83 प्लास्टिक बोरियां, मोबाइल फोन सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह द्वारा मुंगेली जिले के बेलखुरी, कलारजेवरा और पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य थाना क्षेत्रों और जिलों में भी चोरी की वारदातों में संलिप्तता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
तीन सोसायटियों में हुई थी चोरी:-
पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बेलखुरी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में 5-6 अगस्त की दरमियानी रात चोरी हुई थी। दुकान से करीब 76 कट्टी चावल चोरी किए जाने की रिपोर्ट सेल्समैन उपेन्द्र सिंह राजपूत ने दर्ज कराई थी। इस मामले में पथरिया थाने में अपराध क्रमांक 208/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी तरह ग्राम कलारजेवरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान से भी करीब 25 कट्टी चावल चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज हुई। वहीं सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा स्थित सोसायटी से करीब 60-70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी होने की रिपोर्ट सामने आई।
लगातार सामने आए इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आरोपियों की पहचान कर चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के निर्देश दिए।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस:-
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला, एसडीओपी हरविंदर सिंह और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बेसिक पुलिसिंग, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के माध्यम से संदिग्धों की जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान पुलिस को ग्राम बावली और चिरौटी के कुछ संदिग्ध युवकों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें सरकारी राशन दुकानों में चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ।

बिलासपुर में बेचते थे चोरी का चावल:-
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए चावल और शक्कर को दूसरे स्थान पर ले जाकर उनकी बोरियां बदली जाती थीं। इसके बाद चोरी का चावल बिलासपुर में व्यापारियों के माध्यम से बेचने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने इस मामले में ग्राम बावली निवासी आरोपियों के साथ बिलासपुर निवासी व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल सामग्री बरामद की।
अन्य जिलों में भी चोरी की वारदातों का खुलासा:-
पूछताछ में आरोपियों ने मुंगेली के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों की जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा स्थित सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल चोरी करने की बात सामने आई है। इसी तरह सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी की सोसायटी से भी करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की जानकारी मिली है।
इसके अलावा लोरमी क्षेत्र में डीएपी खाद चोरी तथा ग्राम कोकही के एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी की वारदात से जुड़े सुराग भी पुलिस को मिले हैं। पुलिस इन सभी मामलों की अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है।
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में खिलेश कौशिक, पिता स्व. दिनेश, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम बावली
राजू श्रीवास, पिता रामकुमार, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम बावली
महेन्द्र निषाद, पिता भागवत, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बावली
बंटी उर्फ रवि पाहूजा, पिता स्व. परमानंद, उम्र 50 वर्ष, निवासी जुनापारा, बिलासपुर
को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

यह सामान हुआ बरामद:-
पुलिस ने आरोपियों से 200 कट्टी चावल (करीब 100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 28 क्यू 3669, 83 प्लास्टिक बोरियां, चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, लोहे का सब्बलनुमा रॉड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका:-
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रभारी थाना सिटी कोतवाली, उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, प्रभारी साइबर सेल, उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव, प्रभारी थाना पथरिया सहित साइबर सेल, सिटी कोतवाली और पथरिया थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसपी ने की नागरिकों से अपील:-
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना दें। उन्होंने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने की भी अपील की है।

