एक की मौके पर ही मौत दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल…!
नाबालिग सहित दो आरोपी गिराफ्तार…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर शहर में सोमवार की शाम चाकूबाजी की दो वारदातों ने पुलिस महकमे को भी अलर्ट कर दिया। तोरवा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने पहले मोहराभाठा स्थित शराब भट्ठी के पास 56 वर्षीय ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी वहां से भागे, लेकिन कुछ ही देर बाद बूटापारा इलाके में एक अन्य व्यक्ति को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लगातार हुई दोनों वारदातों के बाद पुलिस और एसीसीयू की टीम ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। देर रात पुलिस ने मनीष कैवर्त, निवासी कर्रा, थाना मस्तूरी को हिरासत में लिया। वहीं वारदात में शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
मृतक की पहचान शिव नंदन साहू पिता शंभु साहू, उम्र 56 वर्ष, निवासी देवरीखुर्द के रूप में हुई है। वहीं दूसरी वारदात में घायल कन्हैया लाल राजड़े पिता आशाराम राजड़े, निवासी बूटापारा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाम करीब 5 बजे मिली पहली सूचना, शराब भट्ठी के पास खूनी वारदात:-
पुलिस के मुताबिक सोमवार 10 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे सूचना मिली कि मोहराभाठा स्थित शराब भट्ठी क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने एक ऑटो चालक पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक शिव नंदन साहू की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।
हत्या के बाद भी नहीं रुके आरोपी, बूटापारा में फिर चला चाकू:-
ऑटो चालक की हत्या के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी ही थी कि इसी दौरान बूटापारा इलाके में एक और व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना सामने आई।
पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां कन्हैया लाल राजड़े गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
एक ही शाम में दो अलग-अलग जगहों पर चाकूबाजी की वारदात सामने आने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया।
CCTV और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी बनी पुलिस की कड़ी:-
वारदात के बाद पुलिस और एसीसीयू की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। प्रत्यक्षदर्शियों से आरोपियों का हुलिया और बाइक से जुड़ी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस ने आरोपियों के संभावित भागने के रास्तों और गतिविधियों की जानकारी जुटाते हुए उनकी ट्रेलिंग शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को देर रात सफलता मिली और मनीष कैवर्त निवासी कर्रा, थाना मस्तूरी को हिरासत में लिया गया।

नाबालिग की भूमिका भी सामने आई
पुलिस के अनुसार दोनों चाकूबाजी की घटनाओं में एक नाबालिग की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस ने उसे भी अभिरक्षा में लिया है। उसकी उम्र को देखते हुए किशोर न्याय कानून के तहत आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों वारदातों की वास्तविक वजह क्या थी और आरोपियों ने ऑटो चालक तथा बूटापारा निवासी को किस कारण निशाना बनाया।
एक की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती
एक ही शाम में हुई इन दो वारदातों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहला सवाल यह है कि शिव नंदन साहू की हत्या क्यों की गई…? इसके बाद कन्हैया लाल राजड़े पर हमला करने की वजह क्या थी? क्या दोनों घटनाएं पहले से किसी विवाद से जुड़ी थीं या आरोपियों ने अचानक हमला किया…?
पुलिस दोनों घटनाओं के बीच की कड़ी तलाश रही है। आरोपियों की वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य-:
ऑटो चालक की हत्या के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ ही CCTV फुटेज को जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद वारदात के पीछे की पूरी कहानी और हमले की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
घटनाक्रम एक नजर में शाम करीब 5 बजे मोहराभाठा शराब भट्ठी के पास बाइक सवार युवकों ने ऑटो चालक पर चाकू से हमला किया।
पहली वारदात 56 वर्षीय शिव नंदन साहू की मौके पर मौत।
इसके बाद: पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
दूसरी वारदात बूटापारा में कन्हैया लाल राजड़े पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती।
पुलिस की कार्रवाई CCTV और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपियों की ट्रेलिंग शुरू।
देर रात मनीष कैवर्त पुलिस की हिरासत में।
दूसरा आरोपी नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
वर्तमान स्थिति दोनों से पूछताछ जारी है और मामले की विवेचना की जा रही है।

