प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष किया गया पेश…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ अड्डेबाजी और नशाखोरी पर अंकुश लगाने पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर अशांति फैलाने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें विधि अनुसार कार्यवाही के लिए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
थाना सिरगिट्टी से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अड्डेबाजी, नशाखोरी और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिए थे। उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन तथा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में थाना पुलिस और बीट आरक्षकों द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं चेकिंग की जा रही है।
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने थाना क्षेत्र के चिन्हित अड्डेबाजी वाले स्थानों पर जांच की और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए 7 लोगों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत देते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की और सभी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया।

ये आरोपी पकड़े गए:-
उज्जवल कश्यप (20) पिता संतोष कश्यप, निवासी राम मंदिर चौक, तिफरा, थाना सिरगिट्टी।
आशीष प्रमाणित उर्फ आशु (22) पिता दिलीप प्रमाणित, निवासी शिव विहार कॉलोनी रोड, नयापारा, थाना सिरगिट्टी।
रिजवान खान (21) पिता स्व. इलियास खान, निवासी गणेश नगर, चुचुहियापारा, सामुदायिक भवन के पास, थाना सिरगिट्टी।
मोह. सिकन्दर उर्फ आदिल (24) पिता मोह. मोबिन, निवासी गणेश नगर, चुचुहियापारा, थाना सिरगिट्टी।
अभिषेक साहू (34) पिता स्व. मिलापराम साहू, निवासी शांति नगर, तिफरा, थाना सिरगिट्टी।
प्रफुल्ल पाण्डेय उर्फ छोटू (34) पिता शिवकुमार पाण्डेय, निवासी जरौधा, थाना तखतपुर।
नीलकमल केंवट उर्फ नीलू (24) पिता भेषजलाल केंवट, निवासी जरौधा, थाना तखतपुर।
असामाजिक तत्वों को पुलिस की चेतावनी
सिरगिट्टी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में सार्वजनिक शांति भंग करने, अड्डेबाजी और नशाखोरी जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था बिगाड़ने, नशाखोरी करने अथवा सार्वजनिक स्थान पर अशांति फैलाने जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

