मस्तूरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई साइबर सेल की मदद से आरोपियों को दबोचा न्यायिक रिमांड पर भेजा…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर महिला का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और ब्लैकमेल कर प्रताड़ित करने के मामले में मस्तूरी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना मस्तूरी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उनके ठिकानों से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनोहर कुमार चौहान ने थाना मस्तूरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके भाई कमल चौहान द्वारा हार्वेस्टर एवं ट्रैक्टर के माध्यम से कृषि परिवहन का व्यवसाय किया जाता है। व्यवसाय की देखरेख के लिए खपरी लिमतरा निवासी पीताम्बर पटेल, कमल चौहान और अजय चौधरी को कार्य पर रखा गया था। हिसाब-किताब में कथित बेईमानी के चलते उन्हें काम से हटा दिया गया था।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने 9 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे कमल चौहान के पास पहुंचकर जातिगत गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान योगेश चौहान एवं उसकी पत्नी से संबंधित अश्लील वीडियो दिखाते हुए उसे मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल करने की बात सामने आई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मस्तूरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी जानकारी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने अजय चौधरी, नरेश पटेल और पीताम्बर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में तीनों ने महिला का अश्लील वीडियो वायरल करने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 542/2026 दर्ज कर धारा 77, 79, 296, 351(3) बीएनएस, धारा 66ई, 67, 67बी आईटी एक्ट तथा धारा 3(1)(द)(घ) एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की। तीनों आरोपियों को 12 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया और 13 अगस्त को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:-
अजय चौधरी, पिता अमृत चौधरी, उम्र 23 वर्ष, निवासी खपरी लिमतरा, थाना मस्तूरी।
नरेश पटेल, पिता कुश कुमार पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी खपरी लिमतरा, थाना मस्तूरी।
पीताम्बर सिंह, पिता बैजनाथ, उम्र 38 वर्ष, निवासी खपरी लिमतरा, थाना मस्तूरी।

