आदतन अपराधियों के घरों और संभावित ठिकानों पर पुलिस की ताबड़तोड़ चेकिंग संदिग्धों से पूछताछ कई के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर में बढ़ती चाकूबाजी और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने बिलासपुर पुलिस ने शुक्रवार को बड़ा और व्यापक अभियान चलाया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 50 से ज्यादा चिन्हित चाकूबाजों, नशे के कारोबार से जुड़े संदिग्धों और आदतन अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर सघन चेकिंग की। अचानक हुई इस कार्रवाई से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना था, जिनके दोबारा अपराध में शामिल होने की आशंका है। पुलिस टीमों ने चिन्हित बदमाशों के घरों, उनके संभावित ठिकानों और संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर पूछताछ की तथा क्षेत्र में उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

चाकूबाजों और नशे के नेटवर्क पर सीधी नजर
अभियान के दौरान पुलिस ने विशेष रूप से उन लोगों की जानकारी जुटाई, जो हथियार लेकर घूमने, चाकूबाजी अथवा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त होने के लिए चिन्हित हैं। पुलिस ने संदिग्धों से हथियार रखने, नशे की गतिविधियों और क्षेत्र में चल रही अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की।
पुलिस का फोकस ऐसे तत्वों पर है, जो युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने या शहर में आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भूमिका निभा सकते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के ठिकानों पर अचानक दबिश और चेकिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत:-
चेकिंग के दौरान पुलिस ने आदतन अपराधियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा असामाजिक गतिविधि से दूर रहें। पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ उनकी निगरानी भी बढ़ा दी है।

जिन लोगों के खिलाफ नियमों का उल्लंघन अथवा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता पाई गई, उनके खिलाफ वैधानिक प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
अचानक दबिश से मचा हड़कंप
पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा एक साथ की गई कार्रवाई से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि अपराध नियंत्रण की रणनीति के तहत लगातार निगरानी और कार्रवाई का हिस्सा है।
पुलिस ने चाकूबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्धों पर नजर रखने के साथ ही नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियों की भी निगरानी तेज कर दी है।
नशे और हथियार के खिलाफ अभियान रहेगा जारी:-
बिलासपुर पुलिस ने साफ किया है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आने वाले दिनों में भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में अचानक चेकिंग, दबिश और संदिग्धों की निगरानी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की नागरिकों से अपील:-
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति हथियार लेकर घूमता है, नशे का अवैध कारोबार करता है अथवा किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस का कहना है कि शहर में चाकूबाजी, नशे के अवैध कारोबार और संगठित आपराधिक गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

