विधायक सुशांत शुक्ला की अगुवाई में लखराम से पौसरा होते हुए सेंदरी तक निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। ग्राम लखराम से प्रारंभ होकर पौसरा होते हुए सेंदरी तक निकली इस रैली में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं एवं भाजपा समर्थकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बरसते पानी के बीच हाथों में तिरंगा लेकर निकले युवाओं ने पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। बारिश भी कार्यकर्ताओं के उत्साह और देशभक्ति के जज्बे को कम नहीं कर सकी। तिरंगे से सजी बाइक रैली ने पूरे क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया।
रैली की अगुवाई बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। उन्होंने स्वयं तिरंगा ध्वज के साथ बाइक रैली में शामिल होकर युवा कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। रैली के मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने भी तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन में अपनी सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह देश के वीर शहीदों के बलिदान, त्याग और करोड़ों देशवासियों की एकता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करने का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा जैसे अभियान राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम हैं। बेलतरा में बारिश के बीच उमड़ा उत्साह इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्रभक्ति की भावना किसी मौसम की मोहताज नहीं होती।

रैली के दौरान पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से बेलतरा गूंजता रहा। हाथों में लहराता तिरंगा और बरसते पानी के बीच युवाओं का जोश स्वतंत्रता दिवस की उमंग, राष्ट्रप्रेम और एकता का जीवंत संदेश देता नजर आया।

इस अवसर पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष कौशिक, लक्ष्मी सिन्हा, योगेश्वर दुबे, अनिल पाण्डेय, पेशीराम जायसवाल, भाजयुमो जिला अध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी, महामंत्री अंकुर सिंह, ब्रजेश शर्मा, प्रवीण सोनकर, अभिषेक साव, रितेश कलवानी, बलवंत सिंह, राज कैवर्त, सूरज दुबे, योगेश कैवर्त, दिनेश सिंह, यशवन्त सिंह, शिवराज साहू, रितेश सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता एवं भाजपा समर्थक उपस्थित रहे।

