घोषणाओं से आगे बढ़ी विकास की रफ्तार विष्णुदेव सरकार ने दोनों महाविद्यालयों के भवन निर्माण को दी प्रशासकीय स्वीकृति…
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ शासन ने नवीन शासकीय महाविद्यालय बेलतरा एवं नवीन शासकीय महाविद्यालय अकलतरी के भवन निर्माण के लिए कुल 9 करोड़ 31 लाख 68 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। दोनों महाविद्यालयों के लिए 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपये प्रति महाविद्यालय स्वीकृत किए गए हैं।
इस स्वीकृति से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना और स्थायी महाविद्यालय परिसर मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है। लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता महसूस कर रहे बेलतरा-अकलतरी क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए यह निर्णय शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
‘घोषणा’ से आगे बढ़कर अब धरातल पर विकास:-
महाविद्यालय भवनों के लिए मिली स्वीकृति को लेकर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में महाविद्यालयों की घोषणाएं तो की गईं, लेकिन पर्याप्त भवन और अधोसंरचना के अभाव में विद्यार्थियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल सकीं।
विधायक शुक्ला ने कहा कि केवल घोषणा कर देना विकास नहीं है। विकास तब दिखाई देता है, जब उसके लिए बजट स्वीकृत हो, संसाधन उपलब्ध हों और निर्माण कार्य धरातल पर उतरे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार इसी दिशा में तेजी से काम कर रही है।
उन्होंने कहा, पूर्ववर्ती सरकार ने घोषणाएं तो खूब कीं, लेकिन बिना पर्याप्त भवन और इंफ्रास्ट्रक्चर के महाविद्यालय शुरू कर युवाओं के भविष्य के साथ न्याय नहीं किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार युवाओं के लिए ‘साय-साय’ काम कर रही है। बेलतरा और अकलतरी के महाविद्यालयों के भवन निर्माण के लिए लगभग 9.32 करोड़ रुपये की स्वीकृति इसी तेज विकास का परिणाम है।
भवन नहीं, युवाओं के भविष्य में निवेश
विधायक ने कहा कि स्वीकृत राशि केवल भवन निर्माण के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को मजबूत आधार देने वाला निवेश है। उन्होंने कहा कि सरकार घोषणाओं को कागजों तक सीमित रखने के बजाय बजट, अधोसंरचना और क्रियान्वयन पर जोर दे रही है।
उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य केवल महाविद्यालय खोलना नहीं, बल्कि ऐसे महाविद्यालय तैयार करना है, जहां हमारे युवा बेहतर वातावरण में पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने सपनों को साकार करें। शिक्षा के क्षेत्र में किया गया प्रत्येक निवेश आने वाली पीढ़ियों के भविष्य में निवेश है।
विद्यार्थियों में उत्साह, बेहतर परिसर की उम्मीद
दोनों महाविद्यालयों के भवन निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। स्थायी और बेहतर शैक्षणिक परिसर बनने से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए सुविधाजनक वातावरण मिलने की उम्मीद है। आधुनिक अधोसंरचना विकसित होने से उच्च शिक्षा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए भी सकारात्मक माहौल तैयार होगा।
इस निर्णय से विद्यार्थियों के बीच यह भरोसा भी मजबूत हुआ है कि अब उनके क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे उन्हें बेहतर अवसरों के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी।
प्रदेश के 22 महाविद्यालयों को मिली स्वीकृति
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा वर्ष 2026-27 के मुख्य बजट में प्रावधानित राशि के अंतर्गत प्रदेश के 22 शासकीय महाविद्यालयों के भवन निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें बिलासपुर जिले के नवीन शासकीय महाविद्यालय बेलतरा और नवीन शासकीय महाविद्यालय अकलतरी भी शामिल हैं।
विधायक सुशांत शुक्ला ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं, शिक्षा और अधोसंरचना को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश में विकास कार्यों को गति दे रही है।
उन्होंने कहा, बेलतरा विधानसभा में विकास की गति अब केवल घोषणाओं में नहीं, बल्कि स्वीकृतियों, बजट और धरातल पर दिखाई दे रही है। महाविद्यालय भवनों के लिए मिली यह राशि इस बात का प्रमाण है कि विष्णुदेव साय सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर है। हमारा संकल्प है कि बेलतरा का युवा अवसरों के लिए पीछे न रहे, बल्कि बेहतर शिक्षा और मजबूत अधोसंरचना के साथ आगे बढ़े।

