चकरभाठा पुलिस की कार्रवाई नगदी सहित 95 हजार 730 रुपये की संपत्ति जब्त…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम पिरैया में अरपा नदी किनारे टेंट लगाकर जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की अचानक दबिश से जुआरियों में भगदड़ मच गई और कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर चार जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 15 हजार 730 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, एक तिरपाल, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन सहित करीब 95 हजार 730 रुपये की कुल संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार चकरभाठा थाना प्रभारी भावेश शेंडे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पिरैया में अरपा नदी किनारे कुछ लोग टेंट लगाकर जुआ खेल रहे हैं और अन्य लोगों को भी जुआ खिला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित की और टीम को ग्रामीण वेशभूषा में मौके के लिए रवाना किया।
पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की और अचानक जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया और कुछ आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। वहीं घेराबंदी में चार जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

चार जुआरी गिरफ्तार:-
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मलेश साहू (25), संदीप भारद्वाज (26), साहिल घोषले (19) तीनों निवासी ग्राम पिरैया, थाना चकरभाठा तथा चंद्रप्रकाश भार्गव (42), निवासी दुर्गडीह, थाना बिल्हा के रूप में हुई है।
नगदी सहित वाहन और मोबाइल जब्त
पुलिस ने जुआरियों के फड़ से 15,730 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक की बोरी फट्टी, पीले रंग का एक तिरपाल, होंडा SP Shine मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BY 6140, तीन वीवो मोबाइल और एक ओप्पो मोबाइल जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 95,730 रुपये बताई गई है।
जगह बदल-बदलकर जुआ खिलाने का खुलासा पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अन्य फरार आरोपियों के साथ मिलकर जगह बदल-बदलकर जुआ खेलने और खिलाने की बात स्वीकार की। मामले में संगठित रूप से जुआ खेलने-खिलाने के तथ्य सामने आने पर धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी गई। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं धारा 112 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में सभी आरोपियों को न्यायालय बिल्हा के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ संचालित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।

