बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर और नगदी रकम चोरी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को मोपका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस लगातार कर रही है। चोरी गए सामान की बरामदगी भी अभी बाकी है।
ताला तोड़कर घर में घुसे थे चोर:-
पुलिस के अनुसार रामकृष्ण नगर मोपका निवासी रिंकी सेन ने 12 जून 2026 को चौकी मोपका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि 10 जून की दरम्यानी रात उसका मकान सूना था। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवर तथा नगदी रकम समेत करीब 85 हजार रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही मोहित ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
बाहर खड़े होकर रख रहा था नजर, मिले थे 15 हजार पूछताछ में आरोपी मोहित ध्रुव ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मुख्य आरोपी ने उसे मकान के बाहर खड़ा कर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी थी। इसके बदले उसे 15 हजार रुपये नगद दिए गए थे। आरोपी ने इनमें से 14 हजार रुपये खर्च कर देना बताया है।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी मोहित ध्रुव पिता पुनीत, उम्र 20 वर्ष, निवासी भाटापारा मोपका, थाना सरकंडा, बिलासपुर को 18 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी:-
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 878/26, धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार चोरी का मुख्य आरोपी अभी फरार है। चोरी गए जेवर एवं नगदी की बरामदगी भी शेष है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चोरी के मसरूके की बरामदगी की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी: मोहित ध्रुव पिता पुनीत, उम्र 20 वर्ष, निवासी भाटापारा मोपका, थाना सरकंडा, बिलासपुर।

