22 सीटें ऑल इंडिया कोटा 124 राज्य कोटा और 4 सीटें सेंट्रल पूल के लिए निर्धारित काउंसलिंग हॉल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए MBBS प्रवेश की काउंसलिंग प्रक्रिया 20 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इस वर्ष सिम्स में MBBS की कुल 150 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें 22 सीटें ऑल इंडिया कोटा, 124 सीटें राज्य कोटा तथा 4 सीटें सेंट्रल पूल के लिए निर्धारित हैं। प्रवेश प्रक्रिया को लेकर सिम्स प्रबंधन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ऑल इंडिया कोटा की काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC), नई दिल्ली तथा राज्य कोटे की काउंसलिंग छत्तीसगढ़ डायरेक्टोरेट ऑफ मेडिकल एजुकेशन (CGDME), रायपुर द्वारा निर्धारित नियमों एवं कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी। अभ्यर्थियों को पंजीयन, च्वाइस फिलिंग, सीट आवंटन, दस्तावेज सत्यापन, शुल्क भुगतान तथा प्रवेश-ज्वाइनिंग की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करनी होगी।
Freeze और Float विकल्प को समझना जरूरी ऑल इंडिया कोटा में सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थियों को उपलब्ध विकल्पों के अनुसार Freeze अथवा Float का विकल्प मिलेगा। Freeze चुनने पर अभ्यर्थी को आवंटित सीट स्वीकार करनी होगी और आगे सीट अपग्रेडेशन का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। वहीं Float विकल्प चुनने पर निर्धारित नियमों के तहत आगामी राउंड में बेहतर सीट मिलने की संभावना बनी रहेगी। अंतिम अथवा स्ट्रे वैकेंसी राउंड में सीट आवंटित होने पर अभ्यर्थी को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित संस्थान में प्रवेश लेकर ज्वाइन करना होगा।
काउंसलिंग हॉल का निरीक्षण, व्यवस्थाओं के दिए निर्देश:-
प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए सिम्स में काउंसलिंग की तैयारियों का निरीक्षण किया गया। सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने काउंसलिंग हॉल का जायजा लिया। उन्होंने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि MBBS प्रवेश प्रक्रिया विद्यार्थियों के करियर की महत्वपूर्ण शुरुआत है। ऐसे में पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारु ढंग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए केवल अधिकृत एवं आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें तथा किसी भी भ्रामक जानकारी से बचें।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। निर्धारित समय-सारिणी एवं संबंधित प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद-:

काउंसलिंग की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान सिम्स नोडल अधिकारी एवं मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. भूपेंद्र कश्यप, प्रवेश प्रक्रिया नोडल अधिकारी डॉ. सागरिका प्रधान, डॉ. सचिन पाण्डेय, डॉ. कमलजीत बासन, डॉ. के.सी. नाथानी, संकर्षण गुप्ता, विश्वामित्र कश्यप एवं पुष्पराज पोर्ते सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिम्स प्रबंधन ने अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे MBBS प्रवेश से संबंधित काउंसलिंग कार्यक्रम, दस्तावेज, शुल्क एवं अन्य आवश्यक जानकारी के लिए MCC और CGDME की आधिकारिक सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का ही पालन करें। निर्धारित समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी करना अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक होगा।

