सजल जैन और विश्वास गुप्ता से जुड़े परिसरों में सुबह से जांच रामगोपाल अग्रवाल मामले से कनेक्शन की भी चर्चा हुई गर्म…!
दुर्ग-{जनहित न्यूज़}
दुर्ग-भिलाई में गुरुवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कारोबारियों के कई ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने सजल जैन और विश्वास गुप्ता से जुड़े कार्यालयों, आवासीय परिसरों और कारोबारी ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेजों एवं वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू की है।
सूत्रों के मुताबिक, ED की कार्रवाई दुर्ग के गांधी चौक स्थित जय आनंद परिसर, जैन गली और डॉक्टर ताम्रकार के समीप स्थित सजल जैन से जुड़े परिसर समेत अन्य स्थानों पर चल रही है। जांच टीम द्वारा यहां उपलब्ध दस्तावेजों, कारोबारी रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजातों को खंगाले जाने की जानकारी सामने आई है।
रिद्धि-सिद्धि बिल्डर्स से जुड़े कारोबारियों पर फोकस:-
बताया जा रहा है कि कार्रवाई का केंद्र सजल जैन और विश्वास गुप्ता से जुड़े कारोबारी एवं आवासीय परिसर हैं। सजल जैन का संबंध रिद्धि-सिद्धि बिल्डर्स से बताया जाता है, जबकि विश्वास गुप्ता भी इस बिल्डर समूह से जुड़े पार्टनर रहे हैं। हालांकि, ED की ओर से अभी तक इस कार्रवाई और जांच के दायरे को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।

शनिचरी बाजार के श्रीराम हार्डवेयर में भी पहुंची टीम:-
ED की कार्रवाई का एक और ठिकाना दुर्ग के शनिचरी बाजार स्थित श्रीराम हार्डवेयर बताया जा रहा है। यहां भी रियल एस्टेट कारोबारी विश्वास गुप्ता से जुड़े परिसर में जांच किए जाने की जानकारी है। सुबह से ही अलग-अलग स्थानों पर ED की टीमें दस्तावेजों और अन्य कारोबारी रिकॉर्ड की पड़ताल में जुटी हुई हैं।
रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े मामले से कनेक्शन की चर्चा।
ED की इस कार्रवाई को कांग्रेस नेता:-
रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े परिसरों में पूर्व में हुई ED की कार्रवाई और जांच से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों कार्रवाइयों के बीच संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी तस्वीर
फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी किन दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन या कारोबारी गतिविधियों की पड़ताल कर रही है, इसका स्पष्ट खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। ED की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
दुर्ग-भिलाई में सुबह से जारी ED की इस कार्रवाई ने स्थानीय कारोबारी और राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। अब सबकी नजर जांच के दौरान सामने आने वाले दस्तावेजों और ED की आधिकारिक रिपोर्ट पर टिकी है।

