बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
ग्राम दर्राभाठा में दिनदहाड़े घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में सीपत पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने चोरी के मामले में एक पुरुष और उसकी महिला सहयोगी को गिरफ्तार कर चोरी गया 7.66 ग्राम सोना और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
खेत में गई महिला, पीछे से टूट गया घर का ताला
पुलिस के मुताबिक घटना 24 अगस्त की है। दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे सुबह करीब 8 बजे काम के लिए एनटीपीसी सीपत गए थे। उनकी पत्नी सविता देवी भी करीब 8.30 बजे घर में बाहर से ताला लगाकर खेत में काम करने चली गईं। करीब 11.45 बजे जब वह वापस लौटीं तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाकर देखा तो आलमारी खुली थी और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर तथा 10 हजार रुपये नकद गायब थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सीपत पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुराने रिकॉर्ड ने खोला राज:-
थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दिनेश सोनवानी को घटना के समय पीड़ित परिवार के घर के आसपास देखा गया था। पुलिस ने जब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की तो उसके खिलाफ पूर्व में चोरी का मामला दर्ज होना सामने आया।
पुलिस ने दिनेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने घटना में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
घर से निकलने का समय था पता
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़ित परिवार के घर के आसपास आता-जाता था और उसे जानकारी थी कि दंपती किस समय घर से बाहर जाते हैं। 24 अगस्त को दोनों के घर से निकलने के बाद उसने मौका पाकर घर का ताला तोड़ा और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ली।
पुलिस के अनुसार पकड़े जाने के डर से दिनेश ने चोरी के जेवर अपने पास रखने के बजाय अपनी महिला सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपा दिए थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने महिला को भी हिरासत में लिया। दोनों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 7.66 ग्राम सोने के जेवर और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद कर लिए गए।
दोनों आरोपी जेल भेजे गए

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश:- सोनवानी, निवासी दर्राभाठा, सीपत और सनिता कौसले, रामा केयर अस्पताल के पास, बिलासपुर के रूप में हुई है। सीपत पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी के महज 24 घंटे के भीतर खुलासा होने के साथ ही चोरी का पूरा जेवर भी बरामद कर लिया गया।

