चोरी का सोना बेचने पहुंचा संदिग्ध सराफा व्यापारी ने दिखाई सजगता पुलिस को सूचना देकर बरामद कराया चोरी का माल…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] अपराध पर अंकुश लगाने में पुलिस की कार्रवाई के साथ आम नागरिकों और व्यापारियों की सजगता कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है, इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। थाना सीपत क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में चोरी गए माल-मशरूका की बरामदगी में रतनपुर के बड़ीबाजार स्थित साईं ज्वेलर्स के संचालक संतोष सोनी की सतर्कता और जिम्मेदार नागरिक के रूप में निभाई गई भूमिका बेहद अहम रही।
जानकारी के अनुसार चोरी की घटना से संबंधित एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी के गहने बेचने के उद्देश्य से संतोष सोनी की दुकान पर पहुंचा। गहनों को लेकर संदेह होने पर संतोष सोनी ने बिना किसी जोखिम के तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और संदिग्ध व्यक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग हासिल किए। व्यापारी की सजगता और पुलिस के साथ तत्काल सहयोग के परिणामस्वरूप चोरी गए माल-मशरूका की बरामदगी में सफलता मिली।
इस पूरे घटनाक्रम ने यह भी स्पष्ट किया कि सराफा कारोबार केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि चोरी के माल की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाने में सराफा व्यवसायियों की सतर्कता अपराध नियंत्रण का मजबूत माध्यम बन सकती है। संतोष सोनी ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए न केवल पुलिस को समय पर सूचना दी, बल्कि समाज के प्रति एक जागरूक और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक होने का परिचय भी दिया।
सराफा एसोसिएशन ने की पुलिस कार्रवाई और व्यापारी की सजगता की सराहना
सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने पुलिस की कार्रवाई और संतोष सोनी की सजगता की प्रशंसा करते हुए कहा कि सराफा समाज पीढ़ियों से ईमानदारी और विश्वसनीयता के साथ कारोबार करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि पुश्तैनी सराफा कारोबारी होने के नाते व्यापारियों की पहली प्राथमिकता कारोबार की विश्वसनीयता बनाए रखना है।
कमल सोनी ने कहा कि इस घटना से यह बात स्पष्ट रूप से सामने आई है कि जिम्मेदार सराफा व्यापारी चोरी का माल खरीदने से पूरी तरह परहेज करते हैं। उन्होंने पूरे सराफा समुदाय की ओर से पुलिस विभाग को भरोसा दिलाया कि यदि किसी भी सराफा प्रतिष्ठान में कोई संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध गहना लेकर पहुंचता है तो व्यापारी तत्काल पुलिस को इसकी सूचना देंगे।
उन्होंने कहा कि सराफा व्यापारी और पुलिस के बीच आपसी विश्वास, संवाद और सहयोग अपराधियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। चोरी के माल की खरीद-फरोख्त पर प्रभावी रोक लगाने के लिए व्यापारी वर्ग पुलिस के साथ पूरी जिम्मेदारी से खड़ा है।
पुलिस-सराफा समन्वय अपराध रोकथाम में बनेगा मजबूत हथियार:-
इस घटना ने पुलिस और सराफा व्यापारियों के बीच सकारात्मक समन्वय की एक ऐसी तस्वीर पेश की है, जिसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा सकता है। यदि बाजार में व्यापारी संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सतर्क रहें और पुलिस को तत्काल जानकारी दें तो चोरी के माल की खपत रोकने के साथ अपराधियों तक पहुंचना भी आसान हो सकता है।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों एवं सराफा व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सजगता और पुलिस के साथ सहयोग अपराधों की रोकथाम तथा अपराधियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
संतोष सोनी की सजगता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि समाज और जिम्मेदार नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। सराफा व्यापारी और पुलिस का यह सकारात्मक सहयोग आने वाले समय में चोरी के माल की खरीद-फरोख्त रोकने और अपराधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में एक मजबूत मिसाल बन सकता है।

