जाति का हवाला देकर शादी से किया इनकार शिकायत के बाद पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई… आरोपी न्यायिक रिमांड पर पहुंचा जेल…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने के मामले में चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 अगस्त 2026 को थाना चकरभाठा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी रंजीत गिरी गोस्वामी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने पीड़िता के दूसरी जाति की होने का हवाला देते हुए उससे शादी करने से इनकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर चकरभाठा पुलिस ने धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया, जिसके बाद आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
निर्देश के पालन में थाना प्रभारी चकरभाठा ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम ने आरोपी रंजीत गिरी गोस्वामी को तलाश कर अभिरक्षा में लिया और पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी: रंजीत गिरी गोस्वामी, पिता दिनेश पूरी गोस्वामी, उम्र 25 वर्ष, निवासी तेलियापुरान, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली, हाल मुकाम वार्ड नंबर 12, विकासनगर, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर।
चकरभाठा पुलिस की अपील:-
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अपराध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल-112 अथवा थाना चकरभाठा को सूचना दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

