आईजी रामगोपाल गर्ग ने विद्यार्थियों को दिए सफलता, अनुशासन और जीवन निर्माण के मंत्र कहा- अपनी लकीर लंबी खींचें और समय का सदुपयोग करें..
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस में नवागत विद्यार्थियों के स्वागत के लिए कला एवं मानविकी विभाग द्वारा मंगलवार को ‘वेनिस कार्निवल- द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन किया गया। कॉलेज के सेमिनार हॉल में आयोजित समारोह में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सफलता के साथ-साथ बेहतर नागरिक और जिम्मेदार इंसान बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। राष्ट्रगीत और राज्यगीत की प्रस्तुति के बाद महाविद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग का श्रीफल, पौधा, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन, ट्रस्टी, उपकार सर, अभिनव सर, पटनायक सर, त्यागी सर, मनीष सिन्हा, एनसीसी अधिकारी, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
मानविकी विषयों की उपयोगिता पर आईजी ने डाला प्रकाश:-
अपने प्रेरणादायी संबोधन में आईजी गर्ग ने कला एवं मानविकी विषयों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, हिंदी-अंग्रेजी एवं मातृभाषा तथा अर्थशास्त्र जैसे विषय विद्यार्थियों के ज्ञान को व्यापक बनाते हैं और प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री और अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। इस दौरान अर्जित ज्ञान, अनुशासन, व्यक्तित्व और सोच ही भविष्य की दिशा तय करते हैं।

‘दूसरों की लकीर छोटी नहीं, अपनी लकीर लंबी करें’
आईजी गर्ग ने सफलता का मंत्र देते हुए विद्यार्थियों को आत्म-विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी दूसरे को पीछे करने के बजाय अपनी क्षमता को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। ईर्ष्या से दूर रहकर सकारात्मक सोच, मेहनत और निरंतर सीखने की आदत विकसित करना सफलता की कुंजी है।
उन्होंने कहा कि ज्ञान बांटने से कम नहीं होता, बल्कि बढ़ता है। विद्यार्थियों को एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने अंकसूची के साथ चरित्र, अनुशासन और सही सवाल पूछने की क्षमता को भी जीवन की वास्तविक पूंजी बताया।

मेहनत के साथ स्मार्ट रणनीति जरूरी:-
आईजी गर्ग ने कहा कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है, लेकिन मेहनत के साथ सही रणनीति, एकाग्रता और समय प्रबंधन भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का महत्व समझाते हुए कहा कि बीता हुआ समय वापस नहीं आता, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने समय का सार्थक उपयोग करना चाहिए।
हेलमेट को चालान से नहीं, जीवन सुरक्षा से जोड़ें
आईजी ने युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट केवल पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों को भी समझने और उनका पालन करने की अपील की।

रिसर्च केवल विज्ञान तक सीमित नहीं:-
उन्होंने विद्यार्थियों को शोध के नए आयामों से भी अवगत कराया। आईजी गर्ग ने कहा कि रिसर्च केवल विज्ञान के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है। समाजशास्त्र जैसे विषयों के विद्यार्थी नशे और ड्रग्स जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रभावों पर शोध कर सरकार की नीति-निर्माण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरणादायक फिल्मों एवं सकारात्मक साहित्य से जुड़ने की सलाह भी दी।

उत्कृष्ट एनसीसी कैडेट्स हुए सम्मानित:-
समारोह के दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग ने एनसीसी के छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में रंग भर दिया।
समापन अवसर पर एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन ने मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवागत विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

‘वेनिस कार्निवल- द वेलकम गाला’ विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा, उत्साह और नई शुरुआत का यादगार अवसर बनकर सामने आया।

