भोलेनाथ की भक्ति में डूबीं महिलाएं और प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सावन की हरियाली, भक्ति और उल्लास से गांधी चौक स्थित प्राचीन ठाकुरदेव मंदिर का वातावरण उस समय सराबोर हो उठा, जब बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकजुट होकर सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया। हरे रंग की आकर्षक वेशभूषा और सोलह श्रृंगार में सजी महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। महिलाओं ने शिव भक्ति से ओत-प्रोत सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
सावन के गीतों पर झूमीं महिलाएं महोत्सव में सावन की थीम पर आधारित विभिन्न मनोरंजक एवं रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं के लिए अलग-अलग खेल एवं मनोरंजन प्रतियोगिताएं रखी गईं, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सावन के पारंपरिक गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और पूरे उत्साह के साथ महोत्सव का आनंद उठाया।

सोलह श्रृंगार और हरे परिधानों में सजी महिलाओं की खूबसूरत छटा ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। भक्ति, संगीत, नृत्य और मनोरंजन के इस संगम ने सावन महोत्सव को यादगार बना दिया।
प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश:-
सावन महोत्सव को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए महिलाओं ने प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेकर एक सार्थक संदेश भी दिया। महिलाओं ने कहा कि प्रकृति सदैव मानव जीवन की रक्षा करती आई है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है।
पर्यावरण की सुरक्षा और प्रकृति का संवर्धन समाज की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में दीप्ति सिंह, रजनी सिंह परिहार, लता सिंह ठाकुर, सीमा सिंह ठाकुर, पूर्णिमा सिंह ठाकुर, कुंदा बड़े, मंजू बड़े, शशि तिवारी, सुनीता तिवारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

भक्ति, हरियाली, श्रृंगार और उल्लास से सजा यह सावन महोत्सव महिलाओं के उत्साह के साथ प्रकृति संरक्षण का खूबसूरत संदेश भी दे गया।

