तेलीपारा कालीमंदिर से कोतवाली चौक तक मचा हड़कंप, दुकानों के बोर्ड टूटे पुलिस पर भी पथराव कोतवाली थाने के बाहर उमड़ा भारी हुजूम…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर शहर के संवेदनशील खपरगंज इलाके में शुक्रवार देर रात मामूली विवाद ने ऐसा उग्र रूप ले लिया कि देखते ही देखते सड़क जंग का मैदान बन गई। बिरयानी सेंटर में खाना खाने के दौरान युवकों के बीच शुरू हुई कहासुनी, गाली-गलौज और मारपीट कुछ ही देर में दो पक्षों के आमने-सामने आने और फिर जमकर पथराव में बदल गई। तेलीपारा कालीमंदिर से लेकर कोतवाली चौक तक दोनों ओर से पत्थर बरसने लगे। अचानक हुए इस बवाल से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सबसे गंभीर बात यह रही कि स्थिति नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम भी पथराव की चपेट में आ गई। इस दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी के सिर में पत्थर लगने से वे घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारी के घायल होने की खबर फैलते ही शहर के विभिन्न थानों से अतिरिक्त बल मौके पर बुलाया गया।

बिरयानी सेंटर में कहासुनी, सड़क पर शुरू हो गया संग्राम जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे खपरगंज स्थित बिरयानी सेंटर में कुछ युवक खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसके बाद विवाद सड़क तक पहुंच गया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। कुछ समय के लिए पूरे इलाके में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया।
तेलीपारा से कोतवाली चौक तक बरसे पत्थर, दुकानों को नुकसान:-
बवाल का दायरा तेलीपारा कालीमंदिर से कोतवाली चौक तक फैल गया। सड़क पर दोनों पक्षों की भीड़ आमने-सामने रही और पथराव होता रहा। इस दौरान सड़क किनारे स्थित दुकानों के ग्लोसाइन बोर्ड और अन्य सामान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
अचानक हुए हंगामे से दुकानदारों और राहगीरों में भी दहशत फैल गई। पुलिस ने संवेदनशीलता को देखते हुए इलाके की घेराबंदी कर आवाजाही नियंत्रित की।
पुलिस पर भी पथराव टीआई के सिर में लगी चोट
स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। इसी दौरान तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी के सिर में पत्थर लग गया और वे घायल हो गए। पुलिसकर्मी के घायल होने के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को और गंभीर होने से रोकने के लिए मोर्चा संभाला।
घायल टीआई को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद शहर के अलग-अलग थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
थाने के बाहर उमड़ी भारी भीड़, तनावपूर्ण रहा माहौल:-
पथराव की खबर फैलने के बाद दोनों पक्षों से बड़ी संख्या में लोग कोतवाली थाने पहुंच गए। देखते ही देखते थाने के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। हिंदू संगठनों से जुड़े पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधिकारियों से चर्चा की।
भीड़ बढ़ने पर पुलिस को कई बार स्थिति नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति भी निर्मित हुई।

कलेक्टर- एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर:-
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर, एसएसपी सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शहर के विभिन्न थानों से पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ ही विवाद की वास्तविक वजह और पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली विवाद का इतनी तेजी से बड़े टकराव में बदल जाना और पुलिस अधिकारी का पथराव में घायल होना मामले की गंभीरता को दर्शाता है।

