400 जवानों ने संभाला मोर्च…
(BNSS) की धारा 163- लागू…
आगामी आदेश तक रहेगी प्रभावी…!
बिलासपुर-{जनहित न्यूज़}
बिलासपुर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शुक्रवार रात बिलासपुर के खपरगंज इलाके में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। दो पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट के बाद जमकर पथराव हुआ। भीड़ ने घरों, दुकानों और वाहनों को निशाना बनाया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा। पथराव में तारबाहर थाना प्रभारी रवि शंकर तिवारी के सिर में पत्थर लगने से वे घायल हो गए, जबकि एक आरक्षक सहित कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस अधिकारियों को मौके पर मोर्चा संभालना पड़ा। सीएसपी गगन कुमार के साथ भी भीड़ द्वारा धक्का-मुक्की किए जाने की बात सामने आई है। देर रात भीड़ सिटी कोतवाली थाने के भीतर तक पहुंच गई, जहां काफी देर तक हंगामा और नारेबाजी होती रही।
कमेंट की चर्चा के बाद जुटी भीड़, विवाद ने लिया हिंसक रूप:-
बताया गया कि सोशल मीडिया पर एक कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसकी जानकारी फैलने के बाद कुछ लोग खपरगंज पहुंच गए। यहां दोनों पक्षों के बीच पहले विवाद और मारपीट हुई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस के पहुंचने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक हालात सामान्य नहीं हो सके।

पथराव में TI घायल, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले:-
भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान सिविल ड्रेस में मौके पर पहुंचे सीएसपी गगन कुमार के साथ धक्का-मुक्की की बात सामने आई है। इसी दौरान हुए पथराव में तारबाहर टीआई रवि शंकर तिवारी के सिर में पत्थर लगा, जिससे वे घायल हो गए।
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। बताया गया कि मौके पर करीब पांच से छह आंसू गैस के गोले इस्तेमाल किए गए। इसके बावजूद काफी देर तक तनाव बना रहा।

थाने के भीतर पहुंची भीड़, कार्रवाई की मांग पर हंगामा
हालात बिगड़ने के बाद बड़ी संख्या में लोग सिटी कोतवाली थाने के बाहर जमा हो गए और देखते ही देखते भीड़ थाने के भीतर तक पहुंच गई। यहां गाली-गलौज और हंगामे की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारी पथराव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
मौके पर पहुंचे कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने लोगों से बातचीत कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। तनाव को देखते हुए बिलासपुर के विभिन्न थानों के अलावा जांजगीर-चांपा और मुंगेली से पुलिस बल तथा सीएएफ के जवान भी बुलाए गए।
लाठी लेकर सड़क पर उतरे SSP, हेलमेट पहनकर किया पैदल मार्च।

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह खुद पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे। पुलिस ने इलाके में लाठीचार्ज कर भीड़ को पीछे हटाया। इसके बाद कलेक्टर और एसएसपी ने हेलमेट पहनकर पुलिस जवानों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च किया।
पुलिस की टीमें देर रात करीब तीन बजे तक लगातार पेट्रोलिंग करती रहीं। सुबह तक सिटी कोतवाली चौक और आसपास के संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग कर बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए। 400 से ज्यादा जवान तैनात, पड़ोसी जिलों से भी बल बुलाया गया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह के अनुसार, दो पक्षों के व्यक्तिगत विवाद के बाद तनाव की स्थिति बनी और दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 400 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं और पड़ोसी जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सिटी कोतवाली क्षेत्र में धारा 163 लागू
बवाल के बाद कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। आदेश 28 अगस्त से आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।

इसके तहत बिना अनुमति सभा, रैली और जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने, चार से अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने, सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर निकलने, सड़क रोकने, यातायात बाधित करने तथा सरकारी अथवा निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

इसके अलावा ऐसी किसी भी गतिविधि पर रोक रहेगी, जिससे लोगों में भय या दहशत का वातावरण पैदा हो। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बीएनएस की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल खपरगंज और सिटी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

