बिलासपुर से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु महिलाएं और युवा करेंगे दिल्ली कूच ‘चलो दिल्ली’ का लिया संकल्प…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर नामदेव समाज की राष्ट्रीय एकजुटता और समाज के अधिकारों को लेकर जबड़ापारा स्थित संतोष नामदेव के निवास पर रविवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी दिनों में दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले रोहिल्ला टांक क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महासम्मेलन की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। दिल्ली, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से महासभा के शीर्ष पदाधिकारी बैठक में विशेष रूप से शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के राष्ट्रीय प्रधान दयानंद रोहिल्ला ने कहा कि संत शिरोमणि नामदेव जी के अनुयायी देशभर में विभिन्न उपनामों और सामाजिक घटकों के रूप में निवास करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को एक मंच पर लाने का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का राजनीतिक लाभ या पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य, सम्मान और उचित अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का आह्वान किया।

महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ईश्वर सिंह रोहिल्ला ने समाज की सामूहिक शक्ति को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि देशभर में समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्तर पर अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर अपनी सामूहिक शक्ति का परिचय देना होगा। उन्होंने दिल्ली में विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ‘संत नामदेव भवन’ के निर्माण की प्रस्तावित योजना की जानकारी भी दी। भवन में विद्यार्थियों के ठहरने और भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
बिलासपुर नामदेव समाज के अध्यक्ष राजेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय महासम्मेलन में बिलासपुर जिले से बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु, महिलाएं और युवा शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि महासम्मेलन को सफल बनाकर समाज की एकता और सामूहिक शक्ति का संदेश राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक में राष्ट्रीय महासचिव राजबीर सिंह रोहिल्ला, बिलासपुर समाज के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष वर्मा, कमलेश श्रीवास्तव, संजू श्रीवास्तव, राजकुमार चौधरी, अशोक वर्मा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर समाजजनों ने आपसी एकता और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए सामूहिक रूप से ‘चलो दिल्ली’ का नारा बुलंद किया।

