स्टाफ से अभद्रता और धमकी-चमकी का वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई सिटी कोतवाली पुलिस युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो ने सिम्स अस्पताल के दवा वितरण केंद्र में स्टाफ के साथ कथित अभद्रता और धमकी-चमकी के मामले को सुर्खियों में ला दिया। वीडियो सामने आते ही थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया और वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान कर उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में एक युवक सिम्स अस्पताल के दवा वितरण केंद्र में पदस्थ स्टाफ के साथ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी-चमकी देकर भयभीत करता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने तत्काल इसकी पड़ताल शुरू की।
जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान प्रियांशु मिश्रा, पिता दीपक मिश्रा, उम्र 22 वर्ष, निवासी सरजू बगीचा, सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में की गई।
पुलिस का कहना है कि युवक के इस कृत्य से अस्पताल परिसर में शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को पुलिस द्वारा गंभीरता से लिए जाने के बाद यह स्पष्ट संदेश भी सामने आया है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों पर स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार, धमकी अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले कृत्यों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

