वारदात के बाद फरार हुए आरोपी सकरी पुलिस ने 48 घंटे में धर-दबोचा
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम लोखण्डी में 19 वर्षीय युवक पर लाठी-डंडों से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा जोड़ते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए गए हैं।
घर से निकला था युवक, देर रात मिली मारपीट की खबर
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे शेख इस्माईल घर से निकला था। देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे। इसी दौरान रात करीब 1 बजे परिजनों को सूचना मिली कि ग्राम लोखण्डी के कुछ युवकों ने शेख इस्माईल के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और लाठी-डंडों से मारपीट की है।
हमले में इस्माईल के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। डायल-112 की सहायता से उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान बिगड़ी हालत, रायपुर में मौत
घटना की सूचना मिलने पर 11 सितंबर को पीड़िता की रिपोर्ट पर सकरी पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गंभीर हालत को देखते हुए घायल को आगे के उपचार के लिए डीकेएस अस्पताल रायपुर ले जाया गया, जहां 12 सितंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले में हत्या से संबंधित धारा 103(2) एवं 324 बीएनएस जोड़ी और वरिष्ठ अधिकारियों को घटनाक्रम से अवगत कराया।
पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ा
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। जांच और पतासाजी के बाद पुलिस ने 13 सितंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय कुमार गढ़ेवाल (21), निवासी ग्राम लोखण्डी; प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम (29), निवासी इमली चौक बिरतियापारा; दिलीप कुमार निर्मलकर (32), निवासी ग्राम लोखण्डी तथा गोविंद पटेल उर्फ दौलत (22), निवासी ग्राम लोखण्डी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाठी-डंडे जब्त किए हैं। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

