हथियार चाकूबाजी हुड़दंग और स्टंटबाजी पर सख्ती 83 स्थाई और 109 गिरफ्तारी वारंट तामील…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर गणेश उत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों से पहले बिलासपुर पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त मोर्चा संभाल लिया है। अपराधियों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महज 15 दिनों में 813 कार्रवाई कर पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि त्योहारों की आड़ में शांति भंग करने वालों पर अब सीधी कार्रवाई होगी।
1 से 15 सितंबर 2026 तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष चेकिंग, निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने हथियार लेकर घूमने, चाकूबाजी, नशे, स्टंटबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को अभियान के केंद्र में रखा है।
आर्म्स एक्ट में 73 कार्रवाई, 302 पर

प्रतिबंधात्मक शिकंजा
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 73 कार्रवाई की गईं। वहीं धारा 170 BNSS के तहत 131 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। संभावित रूप से कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ धारा 126 एवं 135(3) BNSS के तहत 302 कार्रवाई की गई हैं।
पुलिस ने न्यायालय में लंबित मामलों के वारंटों की तामिली पर भी विशेष ध्यान दिया। इस दौरान 83 स्थाई वारंट और 109 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
73 निगरानी बदमाशों पर बाउंड ओवर
त्योहारों के दौरान अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस की निगरानी सूची में शामिल 73 गुंडा-बदमाशों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। पुलिस का उद्देश्य ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर पहले से नजर रखते हुए संभावित घटनाओं को रोकना है।
नशे और स्टंटबाजी पर भी कड़ा प्रहार
अभियान के दौरान यातायात और नशे से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की गई। स्टंटबाजी के 4 मामले, शराब के नशे में वाहन चलाने पर धारा 185 एमवी एक्ट के तहत 30 कार्रवाई, आबकारी एक्ट के 7 मामले तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 कार्रवाई दर्ज की गई।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी।

आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग और पेट्रोलिंग और बढ़ाई जाएगी। धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाने के साथ निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हथियारों का प्रदर्शन, चाकूबाजी, नशे का कारोबार, स्टंटबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार शांति से मनाएं, संदिग्ध गतिविधि की सूचना दें।

बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से गणेश उत्सव सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि, हथियारों का प्रदर्शन, नशे का कारोबार अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा है।
15 दिनों की 813 कार्रवाइयों के आंकड़े से पुलिस ने यह संदेश स्पष्ट कर दिया है कि त्योहारों की खुशी में खलल डालने वाले तत्वों पर निगरानी भी रहेगी और कार्रवाई भी।

