17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा और जागरूकता के होंगे विभिन्न आयोजन व्यापारियों के साथ उपभोक्ताओं के हितों पर होगा विशेष फ़ोकस…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सेवा संवाद सामाजिक सहभागिता और उपभोक्ता जागरूकता को केंद्र में रखते हुए बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा कल 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह का विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सराफा व्यापार में विश्वास, पारदर्शिता और उपभोक्ता जागरूकता को मजबूत करने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सार्थक संवाद और सहभागिता को बढ़ावा देना है।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे शहर विधायक अमर अग्रवाल द्वारा लाला लाजपत राय शासकीय विद्यालय, खपरगंज के सामने, बिलासपुर में किया जाएगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा, जनसंवाद और जनजागरूकता की भावना को विशेष रूप से अभियान से जोड़ा गया है।
एक माह तक चलेगा सेवा और संवाद का सिलसिला-:

बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के अनुसार, 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन सायं मां भारती की आरती के पश्चात प्रबुद्धजनों के साथ संवाद एवं विचार-विमर्श का आयोजन किया जाएगा। इन संवाद कार्यक्रमों में राष्ट्र की प्रगति, आधुनिक भारत के निर्माण, सराफा व्यापार, उपभोक्ता जागरूकता, व्यापारिक पारदर्शिता, व्यापारी हित तथा सामाजिक सरोकार जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
देखे वीडियो…!
अभियान के माध्यम से सराफा व्यवसायियों, उपभोक्ताओं, प्रबुद्धजनों और समाज के विभिन्न वर्गों को एक साझा मंच पर लाकर विश्वास, संवाद और जागरूकता की मजबूत कड़ी विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से भी जोड़ने का प्रयास अभियान में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनजागरूकता को भी संवाद का हिस्सा बनाया जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं शामिल हैं, जिनके माध्यम से बैंकिंग, स्वच्छता, आवास, स्वास्थ्य, स्वच्छ ईंधन और किसानों को आर्थिक सहायता जैसे क्षेत्रों में सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
व्यापारी हित के साथ उपभोक्ता हित सर्वोपरि
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि व्यापारी हितों की रक्षा के साथ-साथ उपभोक्ता हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विश्वास, पारदर्शिता और जागरूकता किसी भी व्यापारिक व्यवस्था की मजबूत नींव हैं और इसी भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बिलासपुर के सराफा व्यापारियों एवं नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि सेवा और जनजागरूकता को जनभागीदारी से जोड़कर समाज में सकारात्मक संवाद का वातावरण तैयार करना इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
5 संभाग, 33 जिले और 251 तहसीलों तक
सहभागिता का लक्ष्य:-
यह अभियान केवल बिलासपुर तक सीमित न रहकर छत्तीसगढ़ के 5 संभाग, 33 जिले और 251 तहसीलों तक सराफा समाज की व्यापक सहभागिता को जोड़ने की दिशा में एक संगठित पहल के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
सराफा एसोसिएशन का यह एक माह का अभियान ‘सेवा से संवाद और संवाद से जनजागरूकता’ की अवधारणा को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसका केंद्र बिंदु व्यापारिक गतिविधियों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी, उपभोक्ता हित, पारदर्शिता और जनभागीदारी को मजबूत करना रहेगा।

