उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर मिलेगी बेहतर सुविधा शिकायतों के त्वरित निराकरण और विद्युत नेटवर्क के रखरखाव में आएगी तेजी…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने विद्युत वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल की है। उपभोक्ताओं की बढ़ती आवश्यकताओं और विद्युत सेवाओं के बेहतर संचालन को ध्यान में रखते हुए बिलासपुर क्षेत्र के अंतर्गत चार नवीन जोन तथा एक नवीन वितरण केंद्र का सृजन किया गया है।
नवीन कार्यालयों के गठन के साथ उनके कार्यक्षेत्र का भी पुनर्गठन किया गया है। इसका उद्देश्य विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के संचालन एवं रखरखाव को स्थानीय स्तर पर अधिक प्रभावी बनाना, उपभोक्ताओं को विभागीय सेवाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना तथा शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया में तेजी लाना है।
इन पांच नए कार्यालयों का हुआ सृजन
बिलासपुर क्षेत्र के अंतर्गत गठित नवीन कार्यालयों में मंगला जोन एवं कोनी जोन को कार्यपालन अभियंता, नगर संभाग-दो (पश्चिम), नेहरू नगर बिलासपुर के अंतर्गत रखा गया है। वहीं बांकीमोंगरा जोन कार्यपालन अभियंता, नगर संभाग कोरबा तथा पेण्ड्रारोड जोन कार्यपालन अभियंता (संचा./संधा.) संभाग पेण्ड्रारोड के अंतर्गत रहेगा। इसके अलावा लोरमी (ग्रामीण) नवीन वितरण केंद्र का संचालन कार्यपालन अभियंता (संचा./संधा.) संभाग मुंगेली के अंतर्गत किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं को मिलेगी सुविधा नए जोन एवं वितरण केंद्रों के गठन से संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को विद्युत संबंधी कार्यों के लिए विभागीय कार्यालयों तक पहुंच आसान होगी। बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों, मीटर एवं विद्युत कनेक्शन संबंधी कार्यों सहित अन्य विभागीय सेवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इसके साथ ही विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत उपकरणों के रखरखाव एवं निगरानी को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों एवं मैदानी अमले की उपलब्धता से विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान तथा शिकायतों के निराकरण में समन्वय बेहतर होने की उम्मीद है।
विभागीय कार्यों में आएगी तेजी:-
नवीन प्रशासनिक ढांचे से विद्युत कनेक्शन, मीटर संबंधी कार्य, नेटवर्क के रखरखाव और विद्युत आपूर्ति की निगरानी जैसे कार्यों के संचालन में सुविधा होगी। इससे विभागीय कार्यों का बेहतर विभाजन होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था पर अधिक प्रभावी निगरानी संभव होगी।
विद्युत वितरण व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण की दिशा में कदम बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने बताया कि उपभोक्ताओं की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्युत वितरण व्यवस्था के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। चार नए जोन और एक नवीन वितरण केंद्र का गठन इसी दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पहल है। उन्होंने कहा कि नए कार्यालयों के संचालन से संबंधित क्षेत्रों में विद्युत सेवाओं के संचालन एवं रखरखाव को अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी तथा उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह पुनर्गठन उपयोगी साबित होगा।

