प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर सेवा संवाद और उपभोक्ता जागरूकता का अनूठा आगाज…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सेवा संवाद और जनजागरूकता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए बिलासपुर सराफा एसोसिएशन ने गुरुवार को एक अभिनव पहल का आगाज किया। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के ‘उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले एक माह के विशेष कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर हुआ।

दोपहर 12 बजे आयोजित शुभारंभ समारोह में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा जिला बिलासपुर के जिलाध्यक्ष दीपक सिंह सहित सराफा समाज के पदाधिकारी, व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मां भारती एवं भगवान विश्वकर्मा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजार्चना के साथ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
सेवा और संवाद को बनाया अभियान का आधार:-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घकालीन सार्वजनिक सेवा यात्रा, आधुनिक भारत के निर्माण, सुशासन, विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि सेवा और जनसंवाद के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना तथा व्यापार और उपभोक्ता हितों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में हुए विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी पहलों का उल्लेख करते हुए विकसित भारत के संकल्प में जनभागीदारी की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।
सराफा बाजार में सार्वजनिक शौचालय की समस्या भी उठी:-
कार्यक्रम के दौरान सराफा एसोसिएशन के महासचिव श्रीकांत पांडेय ने सदर बाजार एवं सराफा बाजार में व्यापारियों तथा ग्राहकों के लिए सुलभ सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर ज्ञापन सौंपने की पहल की जानकारी दी। व्यापारिक गतिविधियों के साथ बाजार की बुनियादी सुविधाओं को लेकर एसोसिएशन की यह पहल कार्यक्रम में महत्वपूर्ण सामाजिक सरोकार के रूप में सामने आई।

रोज शाम 6 बजे आरती, वंदे मातरम् और विशेष संवाद:-
अभियान की खास बात यह है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे मां भारती की आरती, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन तथा विशेष अतिथियों के साथ संवाद-विचार विमर्श आयोजित किया जाएगा।
अभियान के पहले दिन CAIT बिलासपुर की टीम विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुई। CAIT अध्यक्ष हीरानंद जायसिंह, आशीष जायसवाल, परमजीत सिंह एवं सुरेंद्र अजवानी की मौजूदगी में देश की विकास यात्रा, आधुनिक भारत और व्यापार जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ।

व्यापारी हित के साथ उपभोक्ता हित पर भी फोकस बिलासपुर सराफा एसोसिएशन की इस पहल की विशेषता यह है कि अभियान को केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए सेवा, उपभोक्ता जागरूकता, जनसंवाद और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ा गया है। एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापारियों और उपभोक्ताओं के बीच संवाद को मजबूत करने तथा बाजार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में अजय सराफ, पंकज पारेख, राजेश शाह, जितेंद्र सोनी, सूरज सोनी, रवि सलूजा, शशांक स्वर्णकार, प्रमोद वर्मा सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन के साथ एक माह के संकल्प का आगाज कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने दीप प्रज्वलित कर आगामी एक माह तक चलने वाले सेवा, संवाद एवं जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

बिलासपुर सराफा एसोसिएशन की यह पहल व्यापारिक संगठन की पारंपरिक भूमिका से आगे बढ़ते हुए व्यापारी, उपभोक्ता और समाज के बीच संवाद का एक साझा मंच तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में सामने आई है।

