संक्रमण नियंत्रण प्रशिक्षण से सुरक्षित चिकित्सा का व रोगी सुरक्षा क्विज और रक्तदान शिविर ने बढ़ाई सामाजिक सहभागिता…. 170 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में गुरुवार को सेवा, संवेदना, रोगी सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला। मरीजों की सुरक्षित चिकित्सा से लेकर जरूरतमंदों के लिए रक्तदान तक, सिम्स में आयोजित चार महत्वपूर्ण कार्यक्रमों ने स्वास्थ्य सेवा को केवल उपचार तक सीमित न रखते हुए मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का व्यापक संदेश दिया।
सेवा सप्ताह के तहत सिम्स चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में दीप प्रज्वलन कर मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, सुरक्षित चिकित्सा सेवाओं और सकारात्मक अस्पताल वातावरण का संकल्प लिया गया। चिकित्सकों, परिचारिका संवर्ग और कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए सेवा के प्रति समर्पण, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का संदेश दिया।

संक्रमण नियंत्रण प्रशिक्षण में ‘हाथ स्वच्छता’ पर विशेष जोर-:
रोगी सुरक्षा दिवस के अवसर पर अस्पताल संक्रमण नियंत्रण एवं मरीज सुरक्षा विषय पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। निश्चेतना विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मधुमिता जी. मूर्ति ने संक्रमण की रोकथाम को प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए हाथों की स्वच्छता को संक्रमण की श्रृंखला तोड़ने का सबसे महत्वपूर्ण उपाय बताया।
इसके बाद डॉ. तज्जमुल ने प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया। स्नातकोत्तर चिकित्सकों, परिचारिका संवर्ग, चतुर्थ श्रेणी एवं सफाई कर्मचारियों को हाथ स्वच्छता की छह चरणों वाली तकनीक, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग, सुई चुभने की चोट की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदम, खांसी-छींक शिष्टाचार, रक्त रिसाव प्रबंधन तथा जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डॉ. मधुमिता जी. मूर्ति, डॉ. अमित कुमार ठाकुर, डॉ. रेखा बरापात्रे, डॉ. सागरिका प्रधान, डॉ. तज्जमुल एवं डॉ. रश्मि उपस्थित रहीं। आयोजन में सहायक परिचारिका अधीक्षक स्वाति कुमारा, परिचारिका अधीक्षक सरिता बहादुर, उज्ज्वला दास, राजकुमारी, पिंकी दास, नमिता, पुष्प लता शर्मा एवं अस्पताल प्रबंधक गरिमा पांडेय की सक्रिय सहभागिता रही।

रोगी सुरक्षा क्विज ने विद्यार्थियों में जगाई जागरूकता-:
सिम्स के सामुदायिक चिकित्सा विभाग द्वारा रोगी सुरक्षा दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम एवं सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने रोगी सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। क्विज प्रतियोगिता में लगभग 50 विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्यों ने भी सहभागिता की। 2023 बैच के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। श्रेयांश गौर ने प्रथम, के. शिवम ने द्वितीय और बेन सारा टॉमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम डॉ. रमणेश मूर्ति, डॉ. हेमलता ठाकुर, डॉ. भूपेंद्र कश्यप एवं मुख्य समन्वयक डॉ. श्रुति अग्रवाल के मार्गदर्शन और समन्वय में आयोजित हुआ। आयोजन में डॉ. समीर पैकरा, डॉ. आशीष गहवाई, डॉ. मेलिसा लकड़ा, डॉ. सुमित गुप्ता, डॉ. मनीष राव, डॉ. जया सिंह राजपूत, डॉ. निखिलेश, डॉ. उम्मेद एवं श्री प्रवीण श्रीवास्तव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. केशव कश्यप, डॉ. निखा जांगड़े, डॉ. विभा टंडन, डॉ. रीना एवं डॉ. मनोज साहू सहित अन्य फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।

170 रक्तदाताओं ने दिया ‘महादान’, 170 यूनिट रक्त संग्रहित-:
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सुपर स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल, सिम्स कोनी में महादान रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में 170 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर 170 यूनिट रक्त संग्रहित कराया।
रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
शिविर में बेलतरा विधायक माननीय सुशांत शुक्ला, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.पी. सिंह, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. मधुमिता मूर्ति, डॉ. ज्योति पोते, डॉ. अनामिका एवं डॉ. अनिल सक्सेना की उपस्थिति एवं सहभागिता रही।

चार कार्यक्रम एक संकल्प रोगी सुरक्षा सर्वोपरि
सेवा संकल्प अभियान के तहत सिम्स में आयोजित इन चारों कार्यक्रमों ने सेवा की भावना को अलग-अलग आयामों में अभिव्यक्त किया। दीप प्रज्वलन ने सेवा का संकल्प मजबूत किया, संक्रमण नियंत्रण प्रशिक्षण ने सुरक्षित चिकित्सा व्यवस्था का संदेश दिया, रोगी सुरक्षा क्विज ने जागरूकता को बढ़ावा दिया और रक्तदान शिविर ने मानव सेवा एवं सामाजिक सहभागिता की मिसाल पेश की।
इन आयोजनों के माध्यम से सिम्स ने स्पष्ट संदेश दिया कि स्वास्थ्य सेवा केवल उपचार नहीं, बल्कि सुरक्षा, संवेदना, जिम्मेदारी और मानवता का समन्वित संकल्प है।

