बिलासपुर के 14 प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों में हुआ विशेष आयोजन…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज]
बिलासपुर प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के माध्यम से आमजन को गुणवत्तापूर्ण और किफायती दवाइयां उपलब्ध कराने के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से बिलासपुर जिले के प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों में ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान 14 जन औषधि केंद्रों में दीप प्रज्वलित कर जनस्वास्थ्य के प्रति सेवा और जागरूकता का संदेश दिया गया।

नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के आदेशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह तथा औषधि निरीक्षकों सुनील पंडा, सोनम जैन, अश्विनी धुरी, आशीष पांडे, सुमन लता कंवर एवं कामेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों ने अभियान में सहभागिता की।

अभियान के तहत सिम्स अस्पताल, जिला चिकित्सालय, नेहरू नगर, तखतपुर ब्लॉक के बेलपान एवं भरनी, कोटा ब्लॉक के कोटा एवं रतनपुर सहित रेलवे स्टेशन, मोपका, राजकिशोर नगर, तेलीपारा, सरकंडा, कोनी एवं तोरवा स्थित कुल 14 प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों में ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्वलित किया गया।

इस अवसर पर जन औषधि योजना के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली औषधियां उचित एवं किफायती मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिज्ञा ली गई।

कार्यक्रम के माध्यम से जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देने, दवाइयों की उपलब्धता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक सस्ती दवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

अभियान में यह भी रेखांकित किया गया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र आमजन को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान के जरिए जन औषधि केंद्रों की उपयोगिता और उनकी सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

