उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले…
प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को बिलासपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप ले लिया। शाम करीब 7 बजे जिलेभर में एक साथ लगभग 10 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। शहर से लेकर गांवों तक दीपों की रोशनी से बिलासपुर जगमगा उठा और वातावरण सेवा, संकल्प, सुशासन तथा जनभागीदारी के संदेश से आलोकित हो गया।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। यहां एक साथ 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों से जगमगाते मैदान का दृश्य देखते ही बन रहा था। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक दीप प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता निभाई।
25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा की यात्रा अरुण साव:-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा के प्रति समर्पण और राष्ट्र निर्माण की निरंतर यात्रा है।
श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब परिवारों को आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि देश के विकास को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’ इसी सामूहिक सहभागिता और सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा और राष्ट्र निर्माण के इस संकल्प को आगे बढ़ाने में समाज की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
लाखों लोगों ने दीप जलाकर दी शुभकामनाएं
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ के माध्यम से लाखों लोगों ने अपने स्नेह और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति की है। उन्होंने आवास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों तक सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों का उल्लेख किया।

नगर निगम महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने स्वागत भाषण में उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा और जनभागीदारी की भावना को अभिव्यक्त करने वाला आयोजन है। उन्होंने बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वच्छता कर्मियों का सम्मान, सेवा भावना को सलाम:-
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया। उन्होंने शहर और जिले को स्वच्छ रखने में स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना की। सम्मानित स्वच्छता कर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस दौरान सेवा के साथ स्वच्छता और जनभागीदारी के महत्व का संदेश दिया गया।
रतनपुर से मल्हार तक रोशन हुए धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल:-



‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान की रोशनी जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों तक भी पहुंची। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 और मल्हार में 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप जलाए गए। इसके अलावा प्रत्येक गांव में 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ प्रज्वलित किए गए।

शाम करीब 7 बजे जिले के शासकीय भवनों, विद्यालयों, पंचायत भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों के घर भी दीपों से रोशन हुए। महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने भी विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलन में सहभागिता निभाई।
बांध, बैराज और नहर शीर्ष भी दीपों से हुए रोशन:-
‘जल जनसेवा संकल्प’ के तहत जिले के बांधों, बैराजों, एनीकट और नहर शीर्षों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। इस तरह शहर, गांव, धार्मिक स्थल, ऐतिहासिक धरोहर, शासकीय परिसर और जल संरचनाएं एक साथ दीपों की रोशनी से आलोकित नजर आईं।

दीपों की रोशनी में दिखा सामूहिक संकल्प
जिलेभर में एक साथ प्रज्वलित लगभग 10 लाख दीपों ने बिलासपुर को अनुपम रोशनी से नहा दिया। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने सेवा, समर्पण, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को एक मंच पर साकार किया। पुलिस परेड ग्राउंड से लेकर गांवों की चौपाल और धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों तक जगमगाते दीप इस आयोजन की भव्यता के साथ सामूहिक सहभागिता की तस्वीर पेश करते रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, संभागायुक्त सुनील जैन, सीसीएफ मनोज पांडे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश वाजपेयी, दीपक सिंह, श्रीमती हर्षिता पाण्डेय, किशोर राय, श्रीमती वाणी राव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

