लोहे के पाइप व अन्य हथियारों से युवक पर किया था हमला तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर घटना में प्रयुक्त 3 लोहे के पाइप जब्त…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर लाठी, लोहे के पाइप, रॉड और चैन-स्पॉकेट से जानलेवा हमला करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 3 नग स्टीलनुमा लोहे के पाइप सहित अन्य आलाजरब जब्त किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानलेवा हमले में दो लोग हुए थे घायल
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राकेश राजपूत, निवासी सूर्या चौक चिंगराजपारा, ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 4:30 बजे उनके बेटे संजय राजपूत के साथ सुंदरूबाड़ी स्थित शिव मंदिर के आगे पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट की जा रही थी। सूचना मिलने पर बीच-बचाव करने पहुंचे राजा ठाकुर भी हमले की चपेट में आ गए। हमले में संजय राजपूत और राजा ठाकुर को गंभीर चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए वेगस अस्पताल रेफर किया गया।
रिपोर्ट के आधार पर थाना सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और विवेचना में आरोपियों द्वारा पूर्व रंजिश एवं बदले की भावना से एक राय होकर हमला करने की बात सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 3 नग स्टीलनुमा लोहे के पाइप सहित अन्य आलाजरब बरामद किए गए।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1219/2026 में धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1), 191(2), 191(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में साहिल केंवट उर्फ दाऊ (18 वर्ष 8 माह), पंकज पासी उर्फ किट्टू (20 वर्ष) और साहिल लास्कर (19 वर्ष), सभी निवासी चिंगराजपारा, सरकंडा, बिलासपुर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

