नकदीचांदी-कांसे के बर्तन कंप्यूटर सेट और एसी समेत करीब 42 हजार का माल बरामद…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सूने मकान को निशाना बनाकर ताला तोड़ने वाले नकबजन को सकरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले तीन अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, चांदी-कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और 1.5 टन का वोल्टास एसी समेत करीब 42 हजार रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
छत के रास्ते घर में घुसकर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, सत्यानगर अमेरी निवासी अक्षय कुमार टाण्डे (28) ने थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी शिक्षा विभाग मुंगेली में भृत्य के पद पर पदस्थ है और वर्तमान में परिवार सहित तिफरा स्थित मकान में रहता है। अमेरी स्थित पुराने मकान में उसका आना-जाना रहता है।
प्रार्थी ने बताया कि 29 अगस्त 2026 की रात वह सत्यानगर स्थित मकान में ताला लगाकर तिफरा चला गया था। 16 सितंबर 2026 को वापस लौटने पर उसने देखा कि अज्ञात चोर छत के रास्ते मकान के भीतर दाखिल हुए थे। चोरों ने कमरों और अलमारी के ताले तोड़कर 12 हजार रुपये नकद, चांदी के चम्मच, कटोरी, गिलास, प्लेट, कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट तथा 1.5 टन वोल्टास एसी पार कर दिया था।
रिपोर्ट पर थाना सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी तक पहुंची पुलिस:-
वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में सकरी पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही अविनाश खांडे (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का सामान अलग-अलग व्यक्तियों को बेचने की जानकारी दी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया। मामले में चारों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये आरोपी गिरफ्तार:-
मुख्य आरोपी अविनाश खांडे, पिता विशाल खांडे, उम्र 24 वर्ष, निवासी सत्यानगर अमेरी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर।
चोरी का माल खरीदने के आरोप में
सौरभ बंजारे, पिता रामायण बंजारे, उम्र 26 वर्ष, निवासी एरमसाही, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर।
दीपेश गुप्ता, पिता राम कुमार गुप्ता, उम्र 35 वर्ष, निवासी बजरंग होटल के सामने, जिला बिलासपुर।
रितेशधर शर्मा, पिता कृष्णा धर शर्मा, निवासी नूतन चौक सरकंडा, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर।
इनकी रही अहम भूमिका:-
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू, प्रधान आरक्षक रवि लहरे तथा आरक्षक मनोज बघेल, रुपेश कौशिक, सुनील सूर्यवंशी और पवन बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

