9 आरोपियों के बाद अब चोरी का माल गोदाम में खपाने वाला आरोपी भी पहुंचा जेल चावल-शक्कर चोरी कांड में पथरिया पुलिस की लगातार कार्रवाई…
मुंगेली-[जनहित न्यूज़]
मुंगेली शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ मुंगेली पुलिस की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में पथरिया पुलिस ने मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकारी राशन की चोरी कर उसे खपाने वाले नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पुलिस ने कार्रवाई का दायरा आरोपियों से आगे बढ़ाकर चोरी के माल के ठिकाने तक पहुंचाया है।
थाना पथरिया के अपराध क्रमांक 208/2026, धारा 305(ई), 331(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान आयुष साहू पिता सूर्यप्रकाश साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी अशोक विहार फेस-2, बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपी को 18 सितंबर 2026 को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया।
तीन उचित मूल्य दुकानों में चोरी, पहले ही 9 आरोपी जा चुके हैं जेल:-
मामला ग्राम बेलखुरी, कलारजेवरा तथा थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में हुई चोरी से जुड़ा है। प्रकरण में पथरिया पुलिस पूर्व में ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही से चोरी का चावल, शक्कर, नगदी रकम तथा घटना में प्रयुक्त सामग्री बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा जा चुका है।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों में खिलेश कौशिक, राजु श्रीवास, महेन्द्र निषाद, बंटी उर्फ रवि पाहुजा, शत्रुहन बघेल, नैतिक नागदेव, विजय कुमार उर्फ पिंटू, नरेन्द्र सिंह और सार्जन जोशी शामिल हैं।
चोरी का माल गोदाम में रखने की सामने आई कड़ी:-
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आयुष साहू की बिलासपुर के गोडपारा खोवा मंडी के पास अनाज की दुकान है, जहां चावल, गेहूं, शक्कर एवं दाल की खरीदी-बिक्री की जाती है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास ही पूर्व में गिरफ्तार बंटी उर्फ रवि पाहुजा की दुकान भी है।
पूछताछ में आयुष साहू ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व बंटी उर्फ रवि पाहुजा ने उसे कुछ लड़कों द्वारा चावल बिक्री के लिए लाए जाने और उन्हें उसके गोदाम में रखवाने की बात कही थी। इसके कुछ दिन बाद बंटी उर्फ रवि पाहुजा सहित दो-तीन अन्य लोग पिकअप वाहन में चावल और शक्कर लेकर पहुंचे थे। इन बोरियों को आयुष साहू के गोदाम में रखवाया गया था।
पुलिस के अनुसार, उक्त चोरी का माल पूर्व में ही आयुष साहू के गोदाम से बरामद किया जा चुका है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर उसकी गिरफ्तारी की गई।
एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में लगातार कसता शिकंजा:-
फरार आरोपियों की पतासाजी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार सक्रिय रही। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मुंगेली आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पथरिया पुलिस ने फरार आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पवन देवांगन सहित थाना पथरिया पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की पतासाजी जारी है।

