अभियान के दितीय दिवस वंदेमातरम् मित्र मंडल ने समाजहित में सक्रिय सहभागिता का लिया संकल्प मां भारती की आरती और वंदेमातरम् के सामूहिक गान से कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर सेवा केवल शब्द नहीं बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ के दूसरे दिन सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रहित का संदेश प्रमुखता से उभरा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के द्वितीय दिवस शहर के प्रमुख सामाजिक संगठन वंदेमातरम् मित्र मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सहभागिता करते हुए समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की आरती एवं वंदेमातरम् के सामूहिक गान से हुआ। इस अवसर पर वंदेमातरम् मित्र मंडल के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र जैन सचिव जयप्रकाश लाल महिला शक्ति की पूर्णिमा पिल्ले सहित संगठन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने वंदेमातरम् मित्र मंडल द्वारा निरंतर किए जा रहे सामाजिक एवं राष्ट्रहित के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति समर्पित संगठनों की सक्रियता जनजागरण को नई दिशा देती है और सामाजिक सहभागिता को मजबूत बनाती है। उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों को समाजहित में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं
वंदेमातरम् मित्र मंडल के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र जैन ने अपने संबोधन में कहा कि देश के विकास के लिए विभिन्न स्तरों पर महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन प्रत्येक नागरिक को स्वयं से यह सवाल भी करना चाहिए कि देश और समाज ने हमें बहुत कुछ दिया है।
अब हम समाज के लिए क्या कर सकते हैं…?

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच से ही राष्ट्र एवं समाज को मजबूत आधार मिलता है। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से अपने-अपने स्तर पर सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सेवा से संवाद, संवाद से जागरूकता की ओर बढ़ा अभियान

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र, समाज, सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर सार्थक संवाद एवं विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित सदस्यों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की भावना व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के सचिव श्रीकांत पांडेय ने वंदेमातरम् मित्र मंडल के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान में सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया।
सेवा, संवाद और जनजागरूकता का यह सिलसिला 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे जारी रहेगा।

अभियान का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता को व्यापक बनाते हुए सेवा और उपभोक्ता जागरूकता के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना है।

