कोनी के कन्वेंशन सेंटर में अंतिम फिनिशिंग का काम तेज करने के निर्देश एजुकेशन हब के नालंदा परिसर और एकेडमिक ब्लॉक का भी लिया जायजा…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर शहर में निर्माणाधीन प्रमुख अधोसंरचना परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा कराने निगम प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के एमडी एवं नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने शुक्रवार को कोनी स्थित निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को 30 सितंबर तक हर हाल में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर सर्वे ने कन्वेंशन सेंटर के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और शेष कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। सेंटर का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और फिलहाल अंतिम चरण के फिनिशिंग कार्य चल रहे हैं। उन्होंने फिनिशिंग सहित सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा कार्य की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
शहर को मिलेगी बड़े आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधा:-
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कोनी में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के गेट के समीप लगभग सवा एकड़ क्षेत्र में 29 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर का निर्माण किया गया है। यह शहर का प्रमुख बहुउद्देश्यीय आयोजन केंद्र बनने जा रहा है, जहां सभा, संगोष्ठी, प्रदर्शनी, कला-साहित्य से जुड़े कार्यक्रमों के साथ गीत-संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों का आयोजन किया जा सकेगा।
कन्वेंशन सेंटर में 700 सीटर ऑडिटोरियम के साथ विद्यार्थियों के लिए 500 सीटर लाइब्रेरी की सुविधा भी प्रस्तावित है। इसके अलावा कोचिंग, कार्यालय और ट्यूटोरियल संस्थानों के लिए भी स्थान उपलब्ध रहेगा। सेंटर के पूर्ण होने से बिलासपुर में बड़े स्तर के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य आयोजनों के लिए आधुनिक अधोसंरचना उपलब्ध होगी।

एजुकेशन हब के निर्माण में भी तेजी के निर्देश
कन्वेंशन सेंटर के निरीक्षण के बाद कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने मधुबन क्षेत्र में विकसित किए जा रहे एजुकेशन हब के अंतर्गत निर्माणाधीन नालंदा परिसर एवं एकेडमिक ब्लॉक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की वर्तमान स्थिति, प्रगति और शेष कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और समय-सीमा दोनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एजुकेशन हब विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अधोसंरचना है।

इसलिए निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो।
कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की सतत समीक्षा करने और प्रगति में किसी भी तरह की बाधा आने पर तत्काल उसका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

