गतौरा में बिदर पर्व के दौरान दो पक्षों में भिड़ंत 10 से ज्यादा संदिग्ध हिरासत में पुरानी रंजिश समेत कई एंगल पर जांच हुई शुरू…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव में बिदर त्योहार के दौरान खूनी झड़प ने पूरे इलाके को हिला दिया। किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मृतक की पहचान शैलेष राठौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान शैलेष पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई।

पुरानी रंजिश या त्योहार के दौरान हुआ विवाद?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार त्योहार के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने शराब के नशे में लाठी-डंडों से हमला किया। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और हिंसा किस घटनाक्रम के बाद बढ़ी, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

10 से ज्यादा संदिग्ध हिरासत में:-
घटना की गंभीरता को देखते हुए मस्तूरी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने 10 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किसने की, मारपीट में कौन-कौन शामिल था और शैलेष की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका क्या रही।

घायलों का उपचार कराया जा रहा है। वहीं, गांव में किसी भी तरह की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस सतर्क है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर और हत्या की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।


