724 वाहनों पर कार्रवाई से वसूला 7.24 लाख का चालान…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] वाहन की नंबर प्लेट छिपाकर या उसमें छेड़छाड़ कर यातायात नियमों से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ बिलासपुर यातायात पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। टेप, कागज, मैग्नेट, स्टीकर, कपड़ा, पॉलीथिन, पेंट अथवा नंबर प्लेट मोड़कर पहचान छिपाने वाले 724 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इन मामलों में 7 लाख 24 हजार रुपये का चालान शुल्क जारी किया है। वहीं कई प्रकरण न्यायालय में पेश किए गए, जबकि कुछ मामलों में आपराधिक प्रकरण भी दर्ज कराए गए हैं।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बिना हेलमेट वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज एवं कर्कश आवाज निकालने तथा नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
नंबर छिपाने के तरीके पर पुलिस की पैनी नजर
यातायात पुलिस के मुताबिक कई वाहन चालक चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट पर कागज, टेप, मैग्नेट, स्टीकर, कपड़ा या पॉलीथिन चिपका देते हैं। कुछ मामलों में नंबर प्लेट को मोड़कर अथवा पेंट आदि के माध्यम से नंबर को अस्पष्ट करने की कोशिश की जाती है। ऐसे वाहनों के खिलाफ अब यातायात पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है।
इसके लिए यातायात के सभी टेंगो और प्रमुख यातायात प्वाइंट पर तैनात बल को विशेष ब्रीफिंग दी गई है। बिना नंबर प्लेट या नंबर छिपाकर चलने वाले वाहनों की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से संबंधित यातायात एवं थाना पुलिस को दी जा रही है, ताकि वाहन को अगले चौक-चौराहे या जांच प्वाइंट पर रोका जा सके।
सिर्फ चालान से बचने का मामला नहीं, अपराध पर भी नजर:-
पुलिस का कहना है कि नंबर प्लेट छिपाने वाला हर व्यक्ति अपराधी नहीं होता, लेकिन वाहन की पहचान छिपाने का प्रयास सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से गंभीर है। ऐसे वाहनों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। देश के विभिन्न हिस्सों में नंबर प्लेट छिपाकर अपराध करने के मामले सामने आने के मद्देनजर बिलासपुर पुलिस ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रख रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार कुछ मामलों में नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने वाले वाहनों के संबंध में आपराधिक प्रकरण भी सामने आए हैं। स्थानीय पुलिस के माध्यम से ऐसे मामलों में अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजे जाने की कार्रवाई भी की गई है।

724 कार्रवाई, 7.24 लाख का चालान
यातायात पुलिस बिलासपुर के अनुसार अब तक नंबर प्लेट में छेड़छाड़ अथवा विभिन्न माध्यमों से नंबर छिपाकर वाहन चलाने वाले 724 वाहन चालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। इन मामलों में 7 लाख 24 हजार रुपये का चालान शुल्क जारी किया गया है। कई मामलों को न्यायालय में पेश कर आर्थिक दंड कराया गया है तथा गंभीर मामलों में स्थानीय पुलिस के माध्यम से आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।
यातायात पुलिस की दो टूक नंबर प्लेट साफ और स्पष्ट रखें:-
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों की नंबर प्लेट के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और उसे टेप, कागज, मैग्नेट, कपड़े, पॉलीथिन या अन्य किसी साधन से न ढकें। वाहन पर स्पष्ट और विधि मान्य नंबर प्लेट लगाना सुनिश्चित करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नंबर प्लेट छिपाकर चलने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। वाहन चालक अपने वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि जांच के दौरान अनावश्यक कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।


