विद्युत आपूर्ति व्यवस्था होगी और मजबूत…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] शहर में लगातार बढ़ती विद्युत मांग और उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में सरकंडा जोन के अंतर्गत इंदिरा विहार सब स्टेशन की क्षमता 5 एमवीए से बढ़ाकर 8 एमवीए कर दी गई है।
क्षमता वृद्धि का लाभ नूतन चौक, नूतन कॉलोनी, इंदिरा विहार, बंधवापारा, कृष्णा विहार, फ्रेंड्स कॉलोनी सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों को मिलेगा। इन क्षेत्रों के लगभग 4000 उपभोक्ता इस कार्य से सीधे लाभान्वित होंगे। सब स्टेशन की क्षमता बढ़ने से विशेष रूप से अधिक विद्युत मांग वाले समय में विद्युत व्यवस्था पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार को बेहतर ढंग से संभालने में सहायता मिलेगी। इससे ओवरलोडिंग की संभावना कम होगी, वोल्टेज संबंधी समस्याओं में कमी आएगी तथा विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता एवं गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही, स्थानीय स्तर पर विद्युत व्यवस्था मजबूत होने से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूषन कंपनी, बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेषक ए.के.अम्बस्थ ने बताया कि पावर कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्युत उपकेंद्रों, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य विद्युत अधोसंरचनाओं की क्षमता वृद्धि और सुदृढ़ीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। इंदिरा विहार सब स्टेशन का क्षमता विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे वर्तमान विद्युत मांग की पूर्ति के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं के लिए भी विद्युत आपूर्ति तंत्र को अधिक सक्षम बनाया जा सकेगा।


