स्वर्ण कला का संवाद पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय की मौजूदगी में छठवां दिवस संपन्न व्यापारी कारीगर उपभोक्ता के समन्वय पर हुआ सार्थक मंथन…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर सराफा एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ का छठवां दिवस शहर के विकास, सराफा व्यापार की भूमिका और स्वर्ण कला से जुड़े कारीगरों के महत्व पर केंद्रित सार्थक संवाद के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की आरती एवं सामूहिक वंदेमातरम् गान से हुआ। इसके बाद छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बिलासपुर के विकास की वर्तमान स्थिति, शहर की चुनौतियों और विकास की गति को और तेज करने में सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर सकारात्मक पहल करनी होगी।

संगठन मजबूत होगा तो व्यापारियों की आवाज होगी और प्रभावी राजा पाण्डेय:-
मुख्य अतिथि राजा पाण्डेय ने अपने संबोधन में संगठन की शक्ति और व्यापारियों की सामूहिक भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यवसाय और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों के साथ संगठन को भी समय देना चाहिए। मजबूत संगठन ही व्यापारियों की समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष रखने में सक्षम होता है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में सराफा एसोसिएशन के मजबूत होते संगठनात्मक स्वरूप की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारियों के हितों एवं उनकी समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
सोना सिर्फ आभूषण नहीं, पीढ़ियों की कला और कारीगरों की पहचान:-

राजा पाण्डेय ने सराफा जगत से जुड़े गलाई कारीगरों और स्वर्ण कला के विशेषज्ञों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वर्ण आभूषण निर्माण महज व्यापार नहीं है, बल्कि यह पीढ़ियों से चली आ रही कला, कौशल, परंपरा और रोजगार से जुड़ा क्षेत्र है। व्यापारी, कारीगर और उपभोक्ता तीनों के बीच बेहतर समन्वय से ही इस क्षेत्र को और मजबूत बनाया जा सकता है।

उनके संबोधन के दौरान व्यापारियों एवं सराफा समाज के सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर संवाद किया। चर्चा का केंद्र बिलासपुर के विकास के साथ-साथ सराफा व्यापार की चुनौतियां, कारीगरों की भूमिका और संगठनात्मक मजबूती रहा।

गलाई और सिल्वर होलसेल एसोसिएशन की रही विशेष सहभागिता:-
कार्यक्रम में सराफा गलाई एसोसिएशन तथा सिल्वर होलसेल सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की विशेष सहभागिता रही। सिल्वर होलसेल सराफा एसोसिएशन से सागर कक्कड़ एवं शशांक अग्रवाल उपस्थित रहे। सराफा समाज की ओर से वरिष्ठ सदस्य चंद सोनी ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में बिलासपुर सराफा के महासचिव श्रीकांत पाण्डेय, वरिष्ठ सराफा सदस्य पंकज पारेख, प्रमोद वर्मा, अजय सराफ, रौनक साव, जितेंद्र सोनी, सूरज सोनी, शशांक स्वर्णकार, रवि सलूजा एवं नवनाथ अवले सहित बड़ी संख्या में सराफा समाज के सदस्य मौजूद रहे।
मंच संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा कार्यकर्ता श्रीमती निहारिका त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि राजा पाण्डेय सहित सभी अतिथियों, सराफा गलाई एवं सिल्वर होलसेल सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा अभियान:-
बिलासपुर सराफा एसोसिएशन का ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, संवाद, सामाजिक सरोकार और उपभोक्ता जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी आयोजनों में नागरिकों एवं व्यापारियों को भी सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया है।

