राजस्व वसूली से PMAY तक समीक्षा शिकायतों के त्वरित निराकरण और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता-गति सुनिश्चित करने दिए निर्देश…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़]
बिलासपुर नगर निगम के लंबित प्रकरणों और विकास कार्यों में अब अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने मंगलवार को दृष्टि सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं, नागरिक सेवाओं और निर्माण कार्यों से जुड़े प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों, राजस्व वसूली, प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY), PM स्वनिधि योजना, स्वच्छता व्यवस्था और विभिन्न निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। कमिश्नर ने राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा बकाया राशि की वसूली के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिकायतों में देरी पर सख्त रुख:-
कमिश्नर ने CM हेल्पलाइन, TL, PMO, PGN, ऑनलाइन शिकायत, सुशासन तिहार, लोक सेवा गारंटी और निदान 1100 से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए कहा कि नागरिकों की शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। शिकायतों का केवल निपटारा ही नहीं, बल्कि मौके के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। गणेश विसर्जन से पहले पुख्ता हों व्यवस्थाएं
आगामी गणेश विसर्जन को लेकर भी बैठक में विशेष समीक्षा की गई। विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

अतिक्रमण और जर्जर भवनों पर कार्रवाई
शहर में फुटपाथों पर अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जर्जर हॉस्टलों एवं अन्य जर्जर संस्थानों के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई करने कहा गया। स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में नियमित निगरानी तथा सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
OBC सर्वे से कांजी हाउस तक हुई समीक्षा
बैठक में OBC सर्वे की ऑनलाइन एंट्री, सुप्रीम कोर्ट एवं हाई कोर्ट के प्रकरण, प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना, गौधाम योजना और कांजी हाउस संचालन की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक लंबित प्रकरण की स्थिति जानी और प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं:-
निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर सर्वे ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे करने के साथ धीमी गति वाले कार्यों में तत्काल तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समस्त विभाग प्रमुख, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, राजस्व अधिकारी, ARO, PIU, स्वच्छता निरीक्षक एवं CLTC के अधिकारी उपस्थित रहे।

