कार में तोड़फोड़ से लेकर बाइक-ठेले पलटाये…20 मिनट तक सड़क पर मचा बवाल ईंट-पत्थर फेंकने का भी आरोप लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] न्यायधानी बिलासपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गांधी चौक में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने करीब 20 मिनट तक सड़क पर जमकर हंगामा किया। महिला के नशे में होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला ने अचानक सड़क किनारे खड़ी एक कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद उसने आसपास खड़ी बाइक और ठेले भी पलटा दिए। महिला का आक्रोश यहीं नहीं थमा। आरोप है कि उसने मौके पर मौजूद लोगों और बच्चों की ओर ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
तमाशबीन बनी भीड़, फिर लोगों ने संभाला मोर्चा:-
महिला के अचानक उग्र व्यवहार से गांधी चौक पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब 20 मिनट तक चले इस हंगामे के बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत जुटाकर महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ थाने ले गई।
नशा, मानसिक परेशानी या कोई और वजह?
स्थानीय लोगों के बीच महिला के नशे में होने की चर्चा रही। वहीं, कुछ लोगों ने उसके मानसिक रूप से परेशान होने की बात भी कही है। हालांकि, महिला की मानसिक स्थिति अथवा नशे की हालत को लेकर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा और ऐसे मामलों में समय रहते हस्तक्षेप की जरूरत को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच कर रही है और महिला के इस तरह उत्पात मचाने के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

