CCTV में कैद हुई पूरी वारदात एक्टिवा से फरार हुए तीन संदिग्ध तलाश जारी क्राइम ब्रांच FSL और डॉग स्क्वायड ने संभाला मोर्चा…!
रायपुर-[जनहित न्यूज़] राजधानी रायपुर में चोरों ने ज्वेलरी शॉप की दीवार तोड़कर बड़ी सेंधमारी को अंजाम दिया है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की रामनगर चौकी अंतर्गत श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए बदमाश दुकान के भीतर दाखिल हुए और लाखों-करोड़ों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। संचालक के मुताबिक करीब डेढ़ किलो सोना और साढ़े 3 किलो चांदी चोरी हुई है। वारदात का एक आरोपी CCTV कैमरे में कैद हुआ है।
सुबह दुकान खोलते ही सामने आया चोरी का मंजर
वारदात का खुलासा बुधवार सुबह करीब 11 बजे उस समय हुआ, जब दुकान संचालक दुकान खोलने पहुंचा। शटर खोलते ही अंदर का सामान बिखरा मिला और कई ज्वेलरी बॉक्स खाली नजर आए। दुकान की हालत देखकर संचालक के होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
दीवार तोड़ी, अंदर घुसे और जेवर समेटकर हुए फरार:-
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया। CCTV फुटेज में एक संदिग्ध दुकान के भीतर चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस को आशंका है कि वारदात में तीन लोग शामिल थे। इनमें एक आरोपी दुकान के भीतर चोरी कर रहा था, जबकि दो बाहर निगरानी कर रहे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों एक्टिवा से फरार हो गए।
डेढ़ किलो सोना और साढ़े 3 किलो चांदी ले जाने का दावा:-
दुकान संचालक ने पुलिस को बताया है कि चोर करीब 1.5 किलो सोना और 3.5 किलो चांदी अपने साथ ले गए हैं। हालांकि चोरी हुए जेवरों की वास्तविक मात्रा और कीमत का अंतिम आंकड़ा दुकान के स्टॉक का मिलान और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
क्राइम ब्रांच से FSL तक ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। क्राइम ब्रांच, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वायड और FSL की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।
CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध, तलाश तेज
क्राइम एडिशन DCP गौरव मंडल के मुताबिक पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। CCTV फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

