नगर निगम के तत्त्वाधान में सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए शिविर का भी आयोजन…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत आज नगर पालिक निगम बिलासपुर द्वारा स्व. लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 500 सफाई मित्रों का उनके अतुलनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों का सम्मान करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना था।

कार्यक्रम उपस्थित महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम हमारे उन सफाई मित्रों के सम्मान और सुरक्षा के लिए समर्पित है, जो प्रतिदिन शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

सफाई मित्रों का कार्य केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे शहर के स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा हुआ कार्य है। नगर निगम की जिम्मेदारी है कि सफाई मित्रों को सुरक्षित कार्य वातावरण, आवश्यक सुरक्षा उपकरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।आज हम सभी सफाई मित्रों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके साथ हर कदम पर खड़े रहने का संकल्प लेते हैं।नगर निगम की टीम पूरी शिद्दत के साथ शहर को स्वच्छ रखने में जुटी हुई है,जिसमें प्रमुख भूमिका हमारे सफाई मित्रों और दीदियों की है,इनके कर्तव्यनिष्ठा को सलाम है।

सभापति विनोद सोनी ने कहा कि हमारे सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान को शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है। कड़ी धूप, बारिश और विपरीत परिस्थितियों में भी वे पूरी जिम्मेदारी के साथ शहर की सेवा करते हैं।

उनकी सुरक्षा और सम्मान केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि स्वच्छता एक जन आंदोलन है जिसमें आमजनों की सहभागिता महत्वपूर्ण है,सभी के सामूहिक प्रयास से हम बिलासपुर को और भी स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे। सफाई के इस महा अभियान में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हमारे सफाई मित्रों की स्वास्थ्य और उनके तथा उनके परिवार की खुशहाली के लिए आज इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। स्वच्छता में आपके योगदान के लिए पूरा शहर हमेशा आप के प्रति गौरवान्वित महसूस करता है। आज कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार, श्याम साहू, श्रीमती केशरी इंगोले,अपर आयुक्त खजांची कुम्हार,स्वास्थ्य अधिकारी प्रवेश कश्यप,पीआईयू अमित गोस्वामी,शरद पाण्डेय,साक्षी पहारे समेत बड़ी संख्या में सफाई मित्र और आमजन उपस्थित रहें।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के सफाई मित्रों एवं स्वच्छता कर्मियों को शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित कर प्रशस्ति/प्रमाण पत्र दिया गया। साथ ही कार्य के दौरान सफाई कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE एवं अन्य सुरक्षा सामग्री) का वितरण किया गया। सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग एवं सुरक्षित तरीके से कार्य करने के संबंध में जागरूक भी किया गया।
एक ही स्थान पर शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल शिविर को केवल सम्मान कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे सफाई मित्रों एवं उनके परिवारों के लिए कल्याण एवं सेवा शिविर के रूप में आयोजित किया गया।

विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों की पहचान करने तथा उन्हें योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से अलग-अलग सहायता एवं पंजीयन काउंटर लगाए गए।शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, विभिन्न बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं तथा अन्य पात्रतामूलक शासकीय योजनाओं के संबंध में जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। 200 सफाई मित्रों का आयुष्मान भारत योजना में पंजीयन किया गया।
सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की हुई जांच…
सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया जहां 265 से अधिक सफाई मित्रों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया।

नमस्ते योजना की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में सफाई मित्रों को केंद्र सरकार की नमस्ते (National Action for Mechanised Sanitation Ecosystem) योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत सफाई कार्य से जुड़े कर्मियों की सुरक्षा, गरिमा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण तथा जोखिमपूर्ण सफाई कार्यों में मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य के बारे में बताया गया। इस दौरान 45 नमस्ते योजना कार्ड का भी वितरण किया गया।

