7 मेडिकल संस्थानों की जांच…3 दवाओं के सैंपल लिए…!
ऑक्सीजन प्लांट का भी हुआ निरीक्षण…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आदेशानुसार 30 सितंबर 2026 को जिला बिलासपुर में औषधियों की गुणवत्ता एवं नियमों के पालन को लेकर व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान दवाओं के नमूने संग्रहित करने के साथ ऑक्सीजन प्लांट एवं औषधि संस्थानों का निरीक्षण किया गया।
03 औषधियों के नमूने संग्रहित मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही दवाओं की गुणवत्ता की जांच के लिए 03 औषधियों के नमूने औषधि निरीक्षक सुमन लता कंवर द्वारा संग्रहित किए गए। इनमें मिर्गी, मांसपेशियों में ऐंठन तथा बेचैनी एवं नींद न आने के उपचार में उपयोगी औषधियां शामिल हैं।

ऑक्सीजन प्लांट का संयुक्त निरीक्षण अस्पतालों में मरीजों को मानक गुणवत्ता का ऑक्सीजन उपलब्ध हो सके, इसके लिए सतगुरु मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट, सिरगिट्टी का संयुक्त निरीक्षण सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह एवं औषधि निरीक्षक सुनील पंडा द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान ऑक्सीजन प्लांट के क्रय एवं विक्रय संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई, जिनका नियमानुसार संधारण पाया गया। साथ ही ऑक्सीजन की शुद्धता जांच प्रक्रिया एवं लीकेज-प्रूफ व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देशों के पालन की भी जांच की गई।

07 औषधि संस्थानों का निरीक्षण
अभियान के दौरान कुल 07 औषधि संस्थानों, जिनमें 05 खुदरा एवं 02 थोक औषधि संस्थान शामिल हैं, का निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई औषधि निरीक्षक सोनम जैन, कामेश्वरी पटेल, अश्वनी कुमार एवं आशीष पांडे द्वारा की गई। निरीक्षण के दौरान नारकोटिक औषधियों, एंटीबायोटिक औषधियों एवं प्रेग्नेंसी टर्मिनेशन किट के क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।

नियमों का पालन नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई:-
बिलासपुर जिले के सहायक औषधि नियंत्रक ने बताया कि औषधि प्रशासन द्वारा नियमित जांच के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण औषधियां, कॉस्मेटिक्स एवं मेडिकल डिवाइसेज उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि औषधियों के उचित रखरखाव, दस्तावेजों के संधारण तथा टेक्निकल स्टाफ की उपस्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं की लगातार जांच की जा रही है। नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध निलंबन एवं निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

