विकसित भारत-2047 पर हुआ मंथन जनप्रतिनिधियों ने युवाओं से अवसरों के सृजन में भागीदारी का किया आह्वान…
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान” के चतुर्दश दिवस में युवा जागरूकता, स्टार्टअप, नवाचार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को लेकर विशेष संवाद हुआ। कार्यक्रम में बिलासपुर के विकास और शहर के भविष्य को नई दिशा देने में युवाओं की भूमिका पर जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विचार रखे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती की आरती और सामूहिक वंदेमातरम् गान के साथ हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम बिलासपुर के सभापति एवं पूर्व महापौर विनोद सोनी तथा पूर्व महापौर किशोर राय रहे।

विशिष्ट अतिथियों के रूप में विपुल शर्मा एवं उनकी टीम, गोसेवा समिति तथा श्रवण श्रीवास्तव, अध्यक्ष बंधु मंडल दुर्गोत्सव समिति, बिलासपुर उपस्थित रहे। वरिष्ठ सराफा अतिथियों में जयंती भाई सोनी एवं योगेंद्र कुमार वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सेवा और सामाजिक सहभागिता से ही मजबूत होगा शहर-:

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष कमल सोनी ने सेवा, सामाजिक सहभागिता और व्यापारिक संगठनों की जिम्मेदारी पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज और शहर के विकास के लिए सभी वर्गों को मिलकर सकारात्मक भूमिका निभानी होगी। युवाओं को सामाजिक एवं आर्थिक विकास से जोड़ने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और नए अवसरों के निर्माण पर भी उन्होंने जोर दिया।

रोजगार मांगने वाले नहीं अवसर पैदा करने वाले बनें युवा:-
पूर्व महापौर किशोर राय ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के संदर्भ में युवा जागरूकता, स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश के युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाले नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसरों का निर्माण करने वाले बनें। इसके लिए युवाओं को नई तकनीक, कौशल, उद्यमिता और नवाचार से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने युवाओं से बदलती तकनीक और समय के साथ अपनी क्षमताओं को विकसित करने तथा देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

विकास के नक्शे पर नई पहचान बनाएगा बिलासपुर:-
नगर निगम सभापति एवं पूर्व महापौर विनोद सोनी ने बिलासपुर के विकास और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिलासपुर विकास के कई क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में शहर की पहचान केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित न रहकर देश के विकास के मानचित्र पर एक नई पहचान और नया अध्याय स्थापित कर सकती है।

उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को साकार करने के लिए जनप्रतिनिधियों व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों की सामूहिक सहभागिता जरूरी है।

विकास से लेकर सुरक्षा तक हुई सार्थक चर्चा
कार्यक्रम में बिलासपुर के विकास, युवाओं की भूमिका, सामाजिक सेवा, व्यापारिक सहभागिता और शहर की सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद हुआ। वक्ताओं ने शहर को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों और सामाजिक जिम्मेदारी को आवश्यक बताया।

बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के महासचिव श्रीकांत पांडे ने आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं कार्यक्रम अध्यक्ष कमल सोनी के सामाजिक प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित त्रिनेत्र सेवा समिति में कमल सोनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने नागरिकों एवं व्यापारिक संगठनों से भी इस पहल में सहयोग और सहभागिता की अपील की।
कार्यक्रम में पंकज पारेख, जितेंद्र सोनी, अजय सराफ (कार्यकारी अध्यक्ष), श्रीकांत पांडे (महासचिव), रौनक साव (कोषाध्यक्ष), सूरज सोनी एवं शशांक स्वर्णकार सहित बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। अंत में महासचिव श्रीकांत पांडे ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

