मोबाइल छुड़ाने के लिए मांगे थे पैसे इनकार पर गुस्से में नाबालिग ने हंसिया से किया हमला…
कपड़े बरामद नाबालिक आरोपी को भेजा बाल संप्रेक्षण गृह…
मुंगेली-[जनहित न्यूज़] पथरिया थाना क्षेत्र की साकेत चौकी अंतर्गत ग्राम उमरिया में वृद्ध महिला की गला रेतकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज छह दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक ने की थी। उसने गिरवी रखे अपने मोबाइल को छुड़ाने के लिए मृतिका से 500 रुपये मांगे थे। रुपये देने से इनकार करने पर गुस्से में उसने हंसिया से महिला के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड, मुंगेली के समक्ष पेश किया, जहां से उसे पृथक बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया है।
26-27 सितंबर की दरम्यानी रात हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक 27 सितंबर को अमोरा निवासी दिव्या भारती ने साकेत चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम उमरिया निवासी उसकी मौसी सोनकलिया बाई डहरिया की 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला रेतकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही साकेत चौकी और पथरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई एवं जांच की गई। हत्या की पुष्टि होने पर 28 सितंबर को थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 242/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई टीम:-
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने अज्ञात आरोपी की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया, साइबर सेल और चौकी साकेत की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण किया। मृतिका के परिजनों, परिचितों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
मुखबिर की सूचना से जुड़ी हत्या की कड़ी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक द्वारा की गई है। इसके बाद पुलिस ने बालक को उसके पिता/संरक्षक के साथ पंचायत भवन के पास बुलाकर गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में बालक ने घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपना मोबाइल गिरवी रखा था और उसे छुड़ाने के लिए मृतिका, जिसे वह पारिवारिक दादी के रूप में संबोधित करता था, से 500 रुपये मांगे थे।
पुलिस के मुताबिक रुपये नहीं मिलने पर वह गुस्से में आ गया और हंसिया से सोनकलिया बाई के गले पर प्राणघातक वार कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के समय पहने कपड़े बरामद:-
पुलिस ने बालक की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए टी-शर्ट और जींस पैंट उसके घर से बरामद किए हैं। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 3 अक्टूबर को सामाजिक पृष्ठभूमि पत्र तैयार कर विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया और किशोर न्याय बोर्ड, मुंगेली के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद उसे पृथक बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका:-
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक पवन देवांगन, थाना प्रभारी पथरिया, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी प्रभारी साइबर सेल, सउनि रोशन टंडन सहित पुलिस टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

