चाचा नेहरू के जन्मदिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता और नाट्य मंचन…विद्यार्थियों ने दिया प्रतिभा एवं रचनात्मकता का उम्दा परिचय…!
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] बाल दिवस के पावन अवसर पर ड्रीमलैंड हायर सेकेंडरी स्कूल में उत्साह, उमंग और उल्लास के बीच रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन कर समारोह को यादगार बना दिया। पूरे विद्यालय परिसर में बच्चों की मुस्कान, उत्साह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बाल दिवस के उल्लास को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार एवं उप प्राचार्य तापोषी सरकार ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर चाचा नेहरू के बच्चों के प्रति स्नेह और उनके उज्ज्वल भविष्य के सपने को स्मरण किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया।
समारोह का विशेष आकर्षण कक्षा केजी-1 के नन्हे विद्यार्थी पार्थ कारके रहे, जो चाचा नेहरू की वेशभूषा में सजे नजर आए। उन्होंने प्राचार्य एवं उप प्राचार्य का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इसके साथ ही विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया बौद्धिक कौशल:-
कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सहभागिता करते हुए अपनी बौद्धिक क्षमता, ज्ञान और त्वरित निर्णय कौशल का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में तक्षशिला ग्रुप ने प्रथम, नालंदा ग्रुप ने द्वितीय तथा अजंता एवं एलोरा ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग में अजंता ग्रुप ने प्रथम, नालंदा ग्रुप ने द्वितीय तथा तक्षशिला ग्रुप ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती निवेदिता सरकार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों के आत्मविश्वास और संवाद क्षमता में वृद्धि होती है। साथ ही उनकी तार्किक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और ज्ञान के प्रति जिज्ञासा विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ ऐसी रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में निरंतर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में घोली आत्मीयता-:
बाल दिवस को और भी खास बनाने के लिए शिक्षकों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दीपाली विश्वास, शोभा पांडे, रीता बैगुर एवं सुरभि शर्मा ने कविता पाठ के माध्यम से बच्चों के प्रति स्नेह और भावनाओं की सुंदर अभिव्यक्ति की।

वहीं रीता बैगुर, सोनम एवं कविता शुक्ला द्वारा प्रस्तुत नाटक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नाटक के माध्यम से मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए बच्चों को एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं सामाजिक संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को उपहार एवं स्वल्पाहार वितरित किया गया। पूरे आयोजन का मार्गदर्शन सैमुवल सर ने किया। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के सामूहिक सहयोग से समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
बाल दिवस का यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन में अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दे गया।

