स्कूल सफाई कर्मचारी संघ को आज़ाद मंच ने दिया समर्थन भूपेश सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
28 जून 2022
बिलासपुर-[जनहित न्यूज़] प्रदेश भर में पिछले 1 साल से आंदोलनरत सफाई कर्मचारी की वेतन विसंगति दूर करने में भूपेश सरकार असफल रही है। 9 माह बाद पुनः पूरे प्रदेश में कर्मचारी संघ ने जिला स्तरीय धरना एवं ज्ञापन कार्यक्रम शुरू किया है जिस तारतम्य में आज 28 जून 2022 को बिलासपुर नेहरू चौक में कर्मचारी संघ जिला बिलासपुर द्वारा धरना एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया। जिसे कुछ राजनीतिक पार्टियों और सामाजिक संगठनों ने समर्थन दिया। पूर्व में 5 अक्टूबर 2021 को बिलासपुर में हुए संघ के आंदोलन में अपना पूर्ण समर्थन देने वाले आजाद मंच प्रमुखों को भी कर्मचारी संघ ने अपने धरना प्रदर्शन में आमंत्रित किया जिसमें पहुंच मंच प्रमुख विक्रांत तिवारी ने सरकार को घेरते हुए आंदोलनरत कर्मचारियों में जोश भरा।
विक्रांत तिवारी ने मंच से कहा कि अपनी मांगों के लिए कब तक आप लोग गुहार लगाते रहोगे कब तक सरकार के दरवाजे खटखटाते रहोगे, अब वक्त ललकार का है विक्रांत ने खुले मंच से भूपेश सरकार को चुनौती दी और कहा कि अगर मांगे अब नहीं मानी जाती तो आर पार की लड़ाई लड़ने का वक्त आ गया है,विक्रांत ने शायराना अंदाज में कहा कि “अब मुकाबला आर पार का होगा, सुन लो भूपेश जी अब दमन आपकी तानाशाह सरकार का होगा”। विक्रांत तिवारी ने वहां उपस्थित सभी लोगों से अपील की कि ज्ञापन और मनुहार से काम नहीं चलने वाला है इस सरकार को अब हटाने के लिए अपने गांव घर में ,चौक चौराहे में, घूमटी मोहल्ले में, आज से प्रचार करना होगा ,जब तक सरकार और उनके नेताओं को अपनी हार का एहसास नहीं होगा ये सरकार के मद में चूर राजनेता आप की मांगों की ओर ध्यान नहीं देंगे।
ज्ञात हो की सफाई कर्मचारियों को कलेक्टर दर का एक चौथाई ₹82 प्रतिदिन के हिसाब से वेतन दिया जाता है जबकि सरकार द्वारा न्यूनतम मजदूरी दर ₹300 है इसी विसंगति को दूर करने लगातार कर्मचारी और उनके परिवार आंदोलनरत है पूर्व में भी सभी ने पदयात्रा कर रायपुर में सीएम हाउस का घेराव किया था इसके पश्चात एक कमेटी बनाकर कर्मचारियों को बेवकूफ बनाने का कार्य किया गया समिति की दो बैठकों के उपरांत भी ना ही कोई निर्णय लिया गया और सरकार की गंभीरता भी नहीं दिख रही है।
आज़ाद मंच ने अपने वक्तव्य में कहा कि छत्तीसगढ़ के किसी भी कोने में जहां भी आप आंदोलनरत होंगे हमारे आजाद मंच के साथी आपके बुलाने पर आप के समर्थन में जरूर खड़े होंगे पर यह लड़ाई निर्णायक लड़ाई होनी चाहिए, यह लड़ाई ज्ञापन तक सीमित नहीं होनी चाहिए और आपकी हर लड़ाई में हर स्तर पर हर जगह हम आप के समर्थन में खड़े हैं।
आज़ाद मंच की ओर से मंच प्रमुख विक्रांत तिवारी के साथ, आजाद मंच अनुशासन समिति के अध्यक्ष सुधीर गोधरे, शहर के जोन-3 के अध्यक्ष अजित शर्मा, जोन-2 के कार्यकारी अध्यक्ष शशांक आनंद, वरिष्ट सदस्य यश अग्रवाल, निशांत सिंह उपस्थित हुए।


